छत्तीसगढ़

किसानों की समृद्धि के लिए बड़ी पहल : जुहली में अरहर मिनीकीट का वितरण, आठ कृषकों को मिला लाभ

सीपत (हिमांशु गुप्ता)। राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मिशन योजनान्तर्गत मस्तूरी विकासखंड के ग्राम पंचायत जुहली में बुधवार को अरहर मिनीकिट वितरण कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया।
यह कार्यक्रम विशेष रूप से किसानों की आय में वृद्धि और कृषि उत्पादकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत सदस्य राजेन्द्र धीवर और जनपद पंचायत मस्तूरी के कृषि स्थायी समिति के सभापति मनोज खरे बतौर विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस मौके पर ग्राम जुहली के आठ किसानों को नि:शुल्क अरहर बीज मिनीकिट वितरित किए गए। कार्यक्रम में कृषि विस्तार अधिकारी डी.एस. आर्मो, सरपंच प्रतिनिधि त्रिभुवन सिंह पोर्ते भी पर मौजूद रहे।
जिला पंचायत सदस्य राजेन्द्र धीवर ने किसानो को संबोधित करते हुए कहा कि किसानों की उन्नति ही क्षेत्र की असली उन्नति है। आज का किसान सिर्फ मेहनतकश नहीं, बल्कि नवाचार के साथ प्रगतिशील भी बन रहा है। सरकार की जनकल्याणकारी योजनाएं तभी सफल होंगी जब हर किसान तक उनका लाभ पहुंचे। मैं सभी किसानों से अपील करता हूं कि वे जागरूक रहें और ऐसी योजनाओं का भरपूर लाभ उठाएं ताकि उनकी आमदनी में निरंतर वृद्धि हो सके।
जनपद कृषि स्थायी समिति के सभापति मनोज खरे ने कहा कि किसानों की खुशहाली से ही प्रदेश व देश समृद्धशाली बनेगा। अरहर जैसी फसलें आर्थिक रूप से सशक्त बनाती हैं और मिट्टी की उर्वरा शक्ति भी बनाए रखती हैं। हमारा प्रयास रहेगा कि अधिक से अधिक किसानों को आधुनिक तकनीक और उन्नत बीज सामग्री से जोड़ा जाए। कार्यक्रम के अंत में कृषकों ने भी सरकार और पंचायत प्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया तथा आश्वस्त किया कि वे इन बीजों का उपयोग पूरी मेहनत और जानकारी के साथ करेंगे।

Related Articles

Back to top button