छत्तीसगढ़

बीज नहीं, भविष्य बांट रहे हैं हम- ‘किसान समृद्ध होगा तो देश प्रगति करेगा’ : राजेन्द्र धीवर

किसानों को राहल (अरहर) दाल के बीज का वितरण

सीपत (हिमांशु गुप्ता)। राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मिशन योजना के अंतर्गत ग्राम पंचायत सीपत में सोमवार को किसानों को राहल (अरहर) दाल के बीज का वितरण किया गया।
इस अवसर पर बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे जिला पंचायत सदस्य राजेन्द्र धीवर ने बीज वितरण कार्यक्रम को किसानों के लिए ‘स्वावलंबन की नई शुरुआत’ बताया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिपं. सदस्य राजेन्द्र धीवर ने कहा कि हम किसानों को सिर्फ बीज नहीं दे रहे, बल्कि उनके हाथ में भविष्य की चाबी सौंप रहे हैं। राहल जैसी दालें सिर्फ खेत में नहीं, हमारे परिवारों की थाली में पोषण और बाजार में मूल्य जोड़ती हैं। यदि किसान मजबूत होगा तो गांव मजबूत होगा, और गांव से ही देश की नींव खड़ी होती है। उन्होंने यह भी कहा कि आज का यह वितरण महज़ एक सरकारी योजना का हिस्सा नहीं, बल्कि कृषि आत्मनिर्भरता की दिशा में एक ठोस कदम है।
श्री धीवर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि बीज का गुणवत्तापूर्ण वितरण सुनिश्चित किया जाए और किसानों को उन्नत तकनीक व समय-समय पर प्रशिक्षण भी मिले। विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित सहकारिता प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष दुबे सिंह कश्यप ने किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि आज जरूरत है कि हम किसानों को सिर्फ संसाधन ही नहीं, बल्कि सही मार्गदर्शन और बाजार से जोडऩे की रणनीति भी दें। बीज देना पहला कदम है, लेकिन हमें यह भी सुनिश्चित करना होगा कि किसान को उसकी उपज का उचित मूल्य मिले। सहकारिता आंदोलन की ताकत से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती दी जा सकती है। जनपद कृषि स्थायी समिति के सभापति मनोज खरे ने कहा कि कृषि क्षेत्र देश की रीढ़ है, और किसान इस देश के असली निर्माता हैं। जब तक किसान का चेहरा खुशहाल नहीं होगा, तब तक विकास अधूरा रहेगा। ऐसे कार्यक्रम सिर्फ बीज वितरण नहीं, बल्कि आत्मसम्मान की बहाली हैं। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में जनपद सदस्य उषा कैवर्त, सीपत उपसरपंच प्रतिनिधि शशिकांत साहू भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान अन्य वक्ताओं ने भी योजना की उपयोगिता पर प्रकाश डाला और किसानों को उन्नत बीज के माध्यम से बेहतर उत्पादन के लिए प्रेरित किया। इस दौरान कृषि विभाग के अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।
किसानों में उत्साह: बीज वितरण पाकर किसान उत्साहित नजर आए। उनका कहना था कि समय पर बीज मिलने से खेती का काम व्यवस्थित ढंग से शुरू हो सकेगा।

Related Articles

Back to top button