
रायपुर। सिविल लाइन थाना क्षेत्र स्थित कटोरा तालाब इलाके में मोबाइल दुकान का ताला तोडक़र लाखों की चोरी करने वाले गिरोह का रायपुर पुलिस ने खुलासा कर दिया है। चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले 4 लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जिसमें दो नाबालिग भी शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 87 मोबाइल फोन, 20,000 नकद, और 2 एक्टिवा वाहन बरामद किए हैं। बरामद सामान की कुल कीमत लगभग 21.20 लाख आंकी गई है।
शिकायतकर्ता विशाल विरनानी ने थाना सिविल लाइन में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 22 जुलाई की रात को वह अपनी दुकान शोभा टेलीकॉम बंद कर घर गया था। अगली सुबह दुकान का शटर टूटा पाया गया और भीतर से नए-पुराने मोबाइल, नकदी और जरूरी दस्तावेज गायब थे।
जांच के दौरान नवीन पिंजानी नामक युवक को हिरासत में लिया गया, जिसने पूछताछ में शेख इमरोज और दो नाबालिग साथियों के साथ मिलकर चोरी की बात कबूल की। जानकारी मिली कि बाकी तीन आरोपी महाराष्ट्र की ओर भाग रहे हैं, जिसके बाद रायपुर पुलिस ने नागपुर रेलवे स्टेशन पर तैनात टीम के जरिए तीनों को ट्रेन से गिरफ्तार किया और रायपुर लाया गया।
गिरफ्तार शेख इमरोज पूर्व में नकबजनी, लूट और आर्म्स एक्ट के मामलों में जेल जा चुका है। उसका आपराधिक रिकॉर्ड पहले से ही पुलिस के पास था, जिसके आधार पर उसे ट्रैक किया गया।
चारों आरोपियों के खिलाफ थाना सिविल लाइन में एफआईआर नंबर 337/25, धारा 331(4), 305 बीेएनएस के तहत केस दर्ज किया गया है।



