
सीपत (हिमांशु गुप्ता)। राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मिशन (हृस्नस्रू) के तहत अरहर फसल को बढ़ावा देने की दिशा में मस्तूरी विकासखंड के ग्राम पंचायत कुली में 28 कृषकों को अरहर मिनीकिट (जीआरजी 152 किस्म) का वितरण किया गया।
इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला पंचायत सदस्य राजेंद्र धीवर रहे, जिन्होंने अपने हाथों से किसानों को उन्नत बीज वितरित कर खेती को आधुनिक और लाभकारी बनाने की पहल की। इस अवसर पर कृषि स्थायी समिति के सभापति मनोज खरे, किसान नेता प्रमोद जायसवाल, जनपद प्रतिनिधि धनिया सोठी, ग्राम पंचायतों के जनप्रतिनिधि एवं सैकड़ों किसान मौजूद रहे।
कार्यक्रम में कृषि विभाग के आरईओ डीपी. सूर्यवंशी ने उपस्थित किसानों को अरहर बीज की गुणवत्ता, फसल की अवधि, अनुमानित उत्पादन, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, और किसान पंजीयन प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी। जिपं. सदस्य राजेंद्र धीवर ने किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि आज खेती को लाभ का व्यवसाय बनाने का समय है। कम लागत और अधिक उत्पादन देने वाली फसलों की ओर ध्यान दें। उन्नत किस्मों के बीजों का उपयोग करें और वैज्ञानिक तरीकों से खेती करें, जिससे आय में इज़ाफा हो सके। उन्होंने यह भी कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ किसानों तक पहुंचाना ही हमारी प्राथमिकता है और हर ग्राम पंचायत में इसी तरह से जागरूकता और संसाधन पहुंचाए जाएंगे।



