ताइक्वांडो में चमके डिफेंस ताइक्वांडो क्लब मोपका के सितारे
इंटरनेशनल प्रतियोगिता से लौटे खिलाडिय़ों का रेलवे स्टेशन में हुआ भव्य स्वागत

सीपत (हिमांशु गुप्ता)। सीबीएसई इंटरनेशनल ताइक्वांडो चैंपियनशिप 2024 में बिलासपुर के डिफेंस ताइक्वांडो क्लब, मोपका के खिलाडिय़ों ने शानदार प्रदर्शन कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। यह प्रतियोगिता 23 से 26 जुलाई तक बीडब्ल्यूडी इंटरनेशनल स्कूल, शिलांग (मेघालय) में आयोजित हुई थी, जिसमें क्लब के 10 खिलाडिय़ों ने हिस्सा लिया और उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता में शिवांगी सिंह ने गोल्ड मेडल जीतकर सबको गर्वित किया। रिया भट्टाचार्य ने सिल्वर मेडल अपने नाम किया, निशा खांडे और प्रचिति छात्री ने ब्रॉन्ज मेडल हासिल कर पदकों की श्रृंखला में योगदान दिया। वहीं भावेश प्रकाश शाह, मिस्टी नागेश, रोहन प्रकाश शाह और कुमुद पटेल ने भी अपने खेल से दर्शकों और निर्णायकों को प्रभावित किया। सबसे खास बात यह रही कि इनमें से दो खिलाडिय़ों का चयन राष्ट्रीय स्तर (नेशनल) के लिए हुआ, जो पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गर्व का विषय है। सूर्यप्रकाश चंद्राकर निदेशक, डिफेंस ताइक्वांडो क्लब ने कहा कि यह हमारे बच्चों की मेहनत और समर्पण का परिणाम है। डिफेंस क्लब हमेशा से ही ग्रामीण और शहरी बच्चों को समान रूप से प्रशिक्षण देता आया है। इन बच्चों ने साबित कर दिया कि अगर सही मार्गदर्शन और प्लेटफॉर्म मिले तो वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर छा सकते हैं। हमारी अगली तैयारी अब नेशनल के लिए है। मैं सभी खिलाडिय़ों को बधाई देता हूं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करता हूं।
रेलवे स्टेशन पर हुआ गौरवपूर्ण स्वागत
जब ये होनहार खिलाड़ी प्रतियोगिता से वापस लौटे, तो बिलासपुर रेलवे स्टेशन पर परिजनों और खेलप्रेमियों ने फूलमालाओं से उनका भव्य स्वागत किया। स्टेशन गूंज उठा- ‘वंदे मातरम’, ‘भारत माता की जय’, और ‘डिफेंस क्लब जि़ंदाबाद’ के नारों से। विजेताओं की आंखों में गर्व और भविष्य की चमक स्पष्ट दिख रही थी।



