कारोबार

भारत पर अमेरिका का डबल टैरिफ झटका

27 अगस्त से कुल शुल्क 50 प्रतिशत तक पहुंचेगा

नई दिल्ली। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत से आयात होने वाले उत्पादों पर टैरिफ दो गुना कर दिया है। 25 प्रतिशत आयात शुल्क 7 अगस्त (अमेरिकी समयानुसार) से लागू होगा, वहीं रूस से भारत द्वारा तेल खरीद का हवाला देते हुए अतिरिक्त 25 प्रतिशत टैरिफ 27 अगस्त से प्रभावी होगा। इसका मतलब है कि महीने के अंत तक भारत से अमेरिका जाने वाले उत्पादों पर कुल 50 प्रतिशत तक शुल्क लगेगा।
ट्रंप के राष्ट्रपति बनने के एक महीने बाद ही फरवरी में भारत-अमेरिका के बीच व्यापार समझौते की बातचीत शुरू हुई थी। दोनों देशों ने पांच दौर की बातचीत की, और अप्रैल में अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वैंस की भारत यात्रा के दौरान बातचीत के मसौदे को अंतिम रूप भी दे दिया गया था।
भारत ने अमेरिका को अपने औद्योगिक उत्पादों पर टैरिफ न लगाने, शराब और कारों पर शुल्क घटाने, और हथियार व ऊर्जा खरीद 25 अरब डॉलर तक बढ़ाने का प्रस्ताव दिया था। परंतु, ट्रंप प्रशासन भारत से और अधिक रियायतें चाहता था, जिससे समझौता अटक गया।
सूत्रों के अनुसार, अमेरिका जैसे-जैसे वियतनाम, जापान और यूरोपीय संघ से बेहतर व्यापार डील्स करता गया, ट्रंप को भारत से भी उसी स्तर की छूट की उम्मीद होने लगी। यूरोपीय यूनियन से हुई डील के बाद अमेरिका ने भारत पर दबाव और बढ़ा दिया।
जब भारत ने अपने कृषि और डेयरी सेक्टर की सुरक्षा को प्राथमिकता दी और सीमित छूट ही दी, तो ट्रंप नाराज़ हो गए। इसके अलावा, भारत-पाक संघर्ष में ट्रंप की मध्यस्थता का दावा भी विवाद में बदल गया, जिससे दोनों देशों के रिश्ते और तनावपूर्ण हो गए।

Related Articles

Back to top button