गाँव की एकजुटता और विकास का संकल्प; सरपंच मनीषा योगेश वंशकार ने फहराया तिरंगा, गूंजे देशभक्ति के जयकारे
ध्वजारोहण से विकास का बिगुल — सरपंच मनीषा वंशकार ने गाँव को दी खुशहाली की शपथ , पंचों के साथ मिलकर की ध्वजारोहण

सीपत (हिमांशु गुप्ता)। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शुक्रवार का दिन सीपत ग्राम पंचायत के लिए गौरव और गर्व का क्षण बन गया। पहली बार ग्राम पंचायत भवन में सरपंच श्रीमती मनीषा योगेश वंशकार ने पंचों के साथ मिलकर ध्वजारोहण किया। जैसे ही तिरंगा शान से लहराया, भारत माता और बलिदानियों के छायाचित्र पर माल्यार्पण कर राष्ट्रगान गूंज उठा। इसके बाद भारत माता की जय और अमर शहीदों अमर रहें के जयकारों से पूरा वातावरण देशभक्ति के रंग में रंग गया।
ध्वजारोहण के बाद सरपंच मनीषा योगेश वंशकार ने कहा कि आज का दिन सिर्फ एक राष्ट्रीय पर्व ही नहीं, बल्कि यह हमें हमारे कर्तव्यों और जिम्मेदारियों की याद दिलाने का दिन है। यह तिरंगा हमारे गाँव की एकता, सम्मान और आत्मनिर्भरता का प्रतीक है। हम सब मिलकर जात-पात, भेदभाव से ऊपर उठकर सीपत को विकास की नई ऊँचाइयों पर ले जाएंगे। शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता और रोजगार के क्षेत्र में ठोस कदम उठाए जाएंगे। महिलाएँ और युवा हमारी ताकत हैं, इनके सहयोग से हम अपने गाँव को आदर्श ग्राम बनाएंगे। तिरंगे की शपथ है कि हम गाँव की हर गली में खुशहाली और समृद्धि का प्रकाश फैलाएँगे। इसके बाद सरपंच मनीषा योगेश वंशकार आदर्श इंदिरा बाल मंदिर सीपत और शासकीय कन्या हायर सेकेंडरी स्कूल सीपत पहुँचीं, जहाँ उन्होंने झंडा फहराया। शाला परिवार ने उन्हें पुष्पगुच्छ और श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर पंचायत प्रतिनिधियों, शिक्षकगण, छात्र-छात्राओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों की उपस्थिति ने कार्यक्रम की गरिमा को और बढ़ा दिया।



