पूर्वजों के बलिदान से मिली आजादी, इसे संजोना हम सबका कर्तव्य : दुबे सिंह
स्वामी आत्मानंद स्कूल सीपत में 79वीं वर्षगांठ पर ध्वजारोहण, वीर सपूतों को दी श्रद्धांजलि, छात्रों में देशभक्ति का संचार

सीपत। स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय सीपत में शुक्रवार को आजादी की 79वीं वर्षगांठ पर भव्य ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित हुआ।
इस अवसर पर सहकारिता प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष दुबे सिंह कश्यप ने जिपं. सभापति प्रतिनिधि चंद्रप्रकाश सूर्या, भाजपा नेता अभिलेश यादव, शाला प्रबंधन विकास समिति के अध्यक्ष बांके बिहारी गुप्ता, एसएमडीसी सदस्य श्रीमती गीता नारायण साहू के साथ ध्वजारोहण किया। अपने प्रेरक संबोधन में दुबे सिंह कश्यप ने कहा कि आज हम जिस खुली हवा में सांस ले रहे हैं, यह हमारे पूर्वजों के कठिन संघर्ष और बलिदान का परिणाम है। अंग्रेजी साम्राज्य के विरुद्ध अनगिनत स्वतंत्रता सेनानियों ने अपना सर्वस्व न्यौछावर किया। हम सबका कर्तव्य है कि इस स्वतंत्रता को संजोए रखें, राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखें और देश के विकास में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं।
जिपं. सभापति प्रतिनिधि चंद्रप्रकाश सूर्या ने अपने उद्बोधन में कहा कि स्वतंत्रता सिर्फ एक तोह$फा नहीं, बल्कि यह हमारे लिए एक जिम्मेदारी है। हमें अपने कार्यों और आचरण से यह साबित करना होगा कि हम अपने देश के प्रति निष्ठावान और सजग नागरिक हैं। छात्र जीवन से ही अनुशासन, ईमानदारी और देशभक्ति की भावना को अपनाएं, क्योंकि आप ही आने वाले भारत के निर्माता हैं।एसएमडीसी अध्यक्ष बांके बिहारी गुप्ता ने वीर सपूतों को नमन करते हुए कहा कि सीपत की माटी को गर्व है कि यहां के बेटे शहीद विनोद सिंह कौशिक ने देश के लिए अपने प्राणों की आहुति दी। ऐसे अदम्य साहस और बलिदान से ही स्वतंत्रता की नींव मजबूत होती है। कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ व्याख्याता संतोष सिंह ने किया और आभार प्रदर्शन संस्था प्रभारी पीके पटेल ने किया। इस अवसर पर शासकीय बालक उमा. विद्यालय सीपत की प्रभारी प्राचार्य श्रीमती सरिता यादव, संस्था प्रभारी पवन कुमार पटेल, श्रीमती अनिता शुक्ला, ऋचा तिवारी, लोभेराम साहू, रेशमलाल दीवाकर, केपी कश्यप, प्रधानपाठिका श्रीमती मंजू मिश्रा सहित समस्त शिक्षकगण और विद्यार्थी उपस्थित रहे।

