सडक़ हादसों पर लगेगा ब्रेक; परिवहन चालक संघ ने छेड़ा शून्य दुर्घटना अभियान , टीआई से की विशेष पहल की मांग
सडक़ हादसों को रोकना हमारी पहली प्राथमिकता , पुलिस हरसंभव करेगी सहयोग , संगठन की पहल सराहनीय : टीआई सतपथी

सीपत (हिमांशु गुप्ता)। सडक़ हादसों की बढ़ती घटनाओं को रोकने और ड्राइवर भाइयों को जागरूक बनाने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ ड्राइवर महासंगठन एवं परिवहन चालक संघ ने प्रशासन से सहयोग की मांग की है। इसके लिए संघ ने थाना प्रभारी सीपत को पत्र सौंपकर विशेष पहल करने की अपील की है। संस्था ने बताया कि उनका लक्ष्य शून्य दुर्घटना है। इसके तहत संगठन लगातार वाहन चालकों को नशा मुक्त होकर वाहन संचालन, हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य उपयोग, तथा यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित कर रहा है। समय-समय पर मार्गों पर शिविर लगाकर जागरूकता अभियान चलाया जाता है, जिसका सकारात्मक परिणाम भी सामने आया है।
संस्था ने अपने पत्र में स्पष्ट किया है कि सभी वैध लाइसेंसधारी ड्राइवरों की पहचान सुनिश्चित करने के लिए वर्दी (ड्रेस) और आईडी कार्ड अनिवार्य किए जाएं। साथ ही चिन्हित स्थानों पर जागरूकता शिविर लगाने के लिए प्रशासन से बैरिकेट उपलब्ध कराने की भी मांग की गई है। संघ के इस पहल की सराहना करते हुए सीपत थाना प्रभारी टीआई गोपाल सतपथी ने कहा कि सडक़ हादसों को रोकना पुलिस प्रशासन की भी पहली प्राथमिकता है। संगठन की यह पहल सराहनीय है। पुलिस हर संभव सहयोग करेगी ताकि सडक़ सुरक्षा और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित हो सके।
परिवहन चालक संघ का मानना है कि यदि इस अभियान को प्रशासनिक सहयोग मिल जाए तो सडक़ हादसों में उल्लेखनीय कमी आएगी और प्रदेश में सुरक्षित यातायात व्यवस्था स्थापित करने का सपना पूरा होगा। ज्ञापन सौंपने वाले ड्राइव्हर संघ के सदस्यों में रामसिंह चौहान , दादूराम यादव , इतवारी राम यादव, सुमंतदास वैष्णव , मनबोध सिंह सिदार , ईश्वर गिरी गोस्वामी शामिल रहे।




