सेवानिवृत्ति पर तुरंत पेंशन दस्तावेज सौंपने की अनोखी पहल: बीईओ शिवराम टंडन
सेवानिवृत्ति पर मिला सम्मान और समय पर पेंशन दस्तावेज, नई परंपरा बनी मिसाल, भावुक हुए सेवानिवृत्त शिक्षक

सीपत (हिमांशु गुप्ता)। छत्तीसगढ़ के मस्तूरी विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय ने शुक्रवार को एक नई और सराहनीय परंपरा की शुरुआत की। शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला कोनी संकुल ईटवा के उच्च वर्ग शिक्षक महेश्वर प्रसाद तिवारी को सेवानिवृत्ति सह सम्मान समारोह में न केवल भावभीनी विदाई दी गई बल्कि उन्हें उसी मौके पर पेंशन पेमेंट ऑर्डर (पीपीओ) से जुड़े दस्तावेज भी सौंपे गए।
इस सक्रिय पहल सेवानिवृत्त शिक्षक तिवारी ने राहत की सांस लेते हुए कहा कि यह व्यवस्था उनके जैसे सभी शिक्षकों के लिए बहुत बड़ी सुविधा है। उन्होंने विशेष रूप से बीईओ मस्तूरी शिवराम टंडन और पेंशन शाखा प्रभारी चंद्रशेखर नोरके की कार्यशैली की प्रशंसा की।

मस्तुरी बीईओ शिवराम टंडन ने कहा कि अब सेवानिवृत्त शिक्षकों को अपने भुगतान के लिए लंबे इंतजार की जरूरत नहीं पड़ेगी। हमारी कोशिश है कि रिटायरमेंट के साथ ही उन्हें सभी जरूरी दस्तावेज सौंपे जाएं और अधिकतम 10 दिनों के भीतर संपूर्ण देयकों का भुगतान किया जाए। यह पहल शिक्षकों को सम्मान और भरोसा देने की दिशा में हमारी नई परंपरा होगी। इस अवसर पर सेवानिवृत्त शिक्षक महेश्वर प्रसाद तिवारी ने कहा कि आज मुझे जो सम्मान मिला वह मेरे लिए अविस्मरणीय है। सबसे बड़ी राहत यह है कि सेवानिवृत्ति के साथ ही पेंशन दस्तावेज सौंपे गए। इससे हम शिक्षकों को सुरक्षा और विश्वास मिलता है कि सेवा के बाद भी हमें इंतजार नहीं करना पड़ेगा। मैं बीईओ शिवराम टंडन और पूरी टीम का आभारी हूँ जिन्होंने यह ऐतिहासिक पहल की।
समारोह में संकुल प्रभारी प्राचार्य ईटवा डॉ. रेणु वढेरा, बीपीओ (साक्षर भारत) राजेश सिंह क्षत्री, संकुल शैक्षिक समन्वयक जगमोहन कोशले, शिक्षक प्रमोद कुमार शर्मा, सुनील कुमार चौधरी, ग्राम पंचायत ईटवा की सरपंच, पंचगण, शाला प्रबंधन समिति अध्यक्ष, शिक्षक-शिक्षिकाएं और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।



