‘एचआईवी’ से डर नहीं, जागरूकता है सुरक्षा की ‘ढाल’
सीपत में एनएसएस की प्रभावशाली रैली और नुक्कड़ नाटक

सीपत (हिमांशु गुप्ता)। शासकीय मदन लाल शुक्ल स्नातकोत्तर महाविद्यालय, सीपत की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई ने गुरुवार को एचआईव्ही जागरूकता रैली और नुक्कड़ नाटक के माध्यम से जनजागरूकता का संदेश फैलाया। महाविद्यालय गेट से प्रारंभ होकर रैली नवाडीह चौक तक पहुँची, जहाँ छात्र-छात्राओं ने हाथों में तख्तियाँ थामे और प्रभावशाली नारों के साथ एचआईव्ही संक्रमण से बचाव, सामाजिक जागरूकता और सकारात्मक दृष्टिकोण का संदेश दिया।
रैली को देखकर स्थानीय नागरिक भी आकर्षित हुए और विषय के प्रति संवेदनशीलता दिखाई। नवाडीह चौक पर रैली के समापन के बाद एनएसएस स्वयंसेवकों ने फ्लैश मॉब के अंतर्गत एक सशक्त नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया। इस नाटक ने एचआइव्ही से पीडि़त व्यक्तियों के प्रति समाज में भेदभाव खत्म करने, सहयोग और सम्मानपूर्ण व्यवहार की आवश्यकता को भावपूर्ण अंदाज में दर्शाया। संदेश स्पष्ट था—एचआईव्ही कोई अभिशाप नहीं, बल्कि सही जानकारी और उपचार से नियंत्रित होने वाली स्थिति है।
इस अवसर पर कार्यक्रम अधिकारी शत्रुघ्न घृतलहरे ने स्वयंसेवकों की सराहना करते हुए कहा कि युवा शक्ति समाज में सकारात्मक परिवर्तन की धुरी है। ऐसे कार्यक्रम न सिर्फ जागरूकता फैलाते हैं बल्कि लोगों की सोच बदलने का भी माध्यम बनते हैं।रैली एवं नाटक में प्रशांत यादव, मिथिलेश श्रीवास, लक्ष्मी पटेल, सुबीर कुमार, प्रिया साहू, नरेंद्र कुमार, सत्यवान, प्रेरणा सुनहरे, मीनाक्षी सूर्यवंशी, नीलम साहू सहित बड़ी संख्या में एनएसएस स्वयंसेवकों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। कार्यक्रम को स्थानीय नागरिकों की उपस्थिति और उत्साह ने और भी अधिक सार्थक बना दिया।



