शिक्षा और पर्यावरण ही हैं गाँव की असली ताकत : सतीश
आईडीबीआई बैंक व्यापार विहार शाखा ने मटियारी व पंधी में बच्चों को शैक्षणिक सामग्री वितरित कर किया वृक्षारोपण

सीपत (हिमांशु गुप्ता)। ग्राम मटियारी और पंधी में मंगलवार को उस समय उल्लास और ऊर्जा से भर गए, जब आईडीबीआई बैंक व्यापार विहार शाखा द्वारा प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक शालाओं में बच्चों को आवश्यक शैक्षणिक सामग्रियाँ वितरित की गईं और साथ ही हरियाली की ओर कदम बढ़ाते हुए वृक्षारोपण कार्यक्रम भी संपन्न हुआ।
इस अवसर पर बैंक के क्षेत्रीय प्रमुख विक्रम पाठक, अशोक कुमार, मनोज बेसाई सहित बैंक का पूरा दल मौजूद रहा। गाँव की ओर से सरपंच सतीश केशर, उपसरपंच राजेन्द्र अग्रहरी , कृष्णा यादव , अश्वनी कुमार, नरेंद्र यादव और मनोकामना राइस मिल के संचालक पीयूष मित्तल एवं रूपेश मित्तल ने भी कार्यक्रम में भागीदारी निभाई। मटियारी के सरपंच सतीश केशर ने कहा कि गाँव की असली ताकत शिक्षा और पर्यावरण है। जब हमारे बच्चे पढ़ लिखकर आगे बढ़ेंगे और हमारे गाँव में हरियाली फैलेगी, तभी सच्चे अर्थों में विकास होगा। बैंक का यह प्रयास सराहनीय है, जिसने बच्चों के भविष्य को संवारने और पर्यावरण को बचाने की दिशा में कदम बढ़ाया है। हम सभी ग्रामवासी मिलकर इस प्रयास को आगे बढ़ाएँगे और आने वाली पीढ़ी के लिए बेहतर माहौल तैयार करेंगे।
बैंक की पहल बनी प्रेरणा
आईडीबीआई बैंक द्वारा यह पहल न केवल बच्चों के लिए उपयोगी रही, बल्कि गाँव में शिक्षा और पर्यावरण के महत्व को लेकर नई चेतना का संचार हुआ। वितरित की गई सामग्री में बच्चों के पढ़ाई से जुड़ी ज़रूरी चीज़ें शामिल थीं, वहीं वृक्षारोपण से गाँव के बच्चों और ग्रामीणों में हरियाली और स्वच्छ वातावरण को बढ़ावा देने का संदेश गया। बैंक अधिकारियों और अतिथियों की उपस्थिति में बच्चों के चेहरों पर खुशियाँ झलक रही थीं। ग्रामीणों ने इस आयोजन को ऐतिहासिक बताते हुए बैंक प्रबंधन और उपस्थित अतिथियों का आभार जताया।



