समाज की अंतिम पंक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुँचाना ही सरकार की प्राथमिकता : कलेक्टर संजय अग्रवाल
कलेक्ट्रेट में अल्पसंख्यक कल्याण समिति की पहली बैठक, छात्रवृत्ति व अन्य मुद्दों पर हुई चर्चा

सीपत (हिमांशु गुप्ता)। बिलासपुर कलेक्ट्रेट स्थित मंथन सभागार में मंगलवार को जिला अल्पसंख्यक कल्याण समिति की पहली बैठक आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता राष्ट्रीय अल्पसंख्यक आयोग सलाहकार बोर्ड के सदस्य प्रकाश मोदी ने की। इस अवसर पर कलेक्टर संजय अग्रवाल, समिति के पदाधिकारी, सदस्यगण एवं विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में अल्पसंख्यक छात्रों की छात्रवृत्ति का मुद्दा सबसे प्रमुख रहा।
सदस्यों ने कहा कि वर्ष 2021 से छात्रवृत्ति नहीं मिल रही है, जिससे अल्पसंख्यक वर्ग के विद्यार्थी शिक्षा में पिछड़ रहे हैं। समिति ने छात्रवृत्ति की प्रक्रिया को सरल बनाने की मांग रखी। इसी दौरान ओबीसी प्रमाण पत्र नहीं बनने की समस्या भी उठाई गई। जिस पर कलेक्टर अग्रवाल ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए और सभी मांगों पर सकारात्मक रुख अपनाने की बात कही। बैठक में विभिन्न सदस्यों ने अपनी-अपनी समस्याएँ रखीं , जिसमे हाजी मोहम्मद जुबैर ने छात्रवृत्ति का मुद्दा उठाया। यास्मीन खान ने अल्पसंख्यक छात्राओं के लिए अलग छात्रावास की मांग की। रियाज़ अशर$फी ने लुतरा शरी$फ दरगाह में बोर खनन व झलमला कब्रिस्तान में शेड निर्माण हेतु आवेदन प्रस्तुत किया, जिसे तत्काल स्वीकृति मिली। हरीश नागदौने ने कौशल विकास प्रशिक्षण की आवश्यकता पर जोर दिया। रशीदुल्लाह खान व तबस्सुम जिन्दान ने कब्रिस्तानों में बाउंड्री वॉल की मांग रखी। कविना नाथ ने शहर में क्रिश्चियन कम्युनिटी हॉल की आवश्यकता जताई।
इस दौरान प्रकाश मोदी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पहली बार राष्ट्रीय स्तर पर अल्पसंख्यक सलाहकार बोर्ड का गठन किया है, जो राज्यों में जाकर जिला स्तर पर बैठकें लेकर समस्याओं की जानकारी ले रहा है। कलेक्टर संजय अग्रवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री की मंशा है कि शासन की योजनाओं का लाभ समाज की अंतिम पंक्ति तक पहुंचे। जिला स्तर पर अल्पसंख्यक कल्याण समिति का गठन इसी उद्देश्य से किया गया है, ताकि योजनाओं की सही मॉनिटरिंग हो और कमियों को दूर किया जा सके।



