फरार नाबालिग छेड़छाड़ आरोपी गिरफ्तार, पुलिस की सतर्कता से खुला ४ माह पुराना मामला

सीपत (हिमांशु गुप्ता)। थाना सीपत पुलिस ने चार माह से फरार चल रहे लंबोदर वैष्णव (३२) पुत्र रामदास वैष्णव, निवासी मटासीपारा ग्राम कुली को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा। आरोपी पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर ने ५,००० रुपये का ईनाम भी घोषित किया था। पीडि़ता की रिपोर्ट के मुताबिक ०२.०५.२०२५ को आरोपी ने नाबालिक के हाथ, बांह और बाल पकडक़र बुरी नियत से छेड़छाड़ की थी। आरोपी घटना के बाद फरार हो गया था। थाना प्रभारी निरीक्षक गोपाल सतपथी के नेतृत्व में टीम ने लगातार पता साजी कर आरोपी को उसके घर आने की सूचना पर दबोच लिया। इस कार्रवाई में आरक्षक शरद साहू और आरक्षक आकाश मिश्रा का विशेष योगदान रहा। सीपत थाना प्रभारी गोपाल सतपथी ने बताया कि हमारी टीम की सतर्कता और लगातार प्रयासों का नतीजा है कि आरोपी को पकड़ न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया। नाबालिगों की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। पुलिस ने आमजन से अपील की कि इस तरह की घटनाओं की सूचना तुरंत थाने को दें, ताकि अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा सके।


