सीपत पुलिस की त्वरित कार्यवाही; किराना दुकान चोरी का 24 घंटे में खुलासा, 2 आरोपी गिरफ्तार
अपचारी बालक संप्रेषण गृह भेजा गया

सीपत (हिमांशु गुप्ता)। थाना सीपत पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए ग्राम पंधी लगरा चौक स्थित पान सेंटर एवं किराना दुकान में हुई चोरी की वारदात का महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में एक वयस्क आरोपी सहित एक अपचारी बालक को पकड़ लिया है।
सीपत थाना प्रभारी गोपाल सतपथी से मिली जानकारी के अनुसार प्रार्थी विष्णु प्रसाद निषाद निवासी ग्राम लगरा ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 27 सितंबर की रात उसके पान सेंटर एवं किराना दुकान का ताला टूटा हुआ मिला। दुकान से किराना सामान और गल्ले में रखे करीब 5000 रुपये नगदी चोरी हो गए थे। रिपोर्ट पर पुलिस ने अपराध दर्ज कर तुरंत टीम गठित की। डायल 112 एवं सीपत पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में संदेही मोहित उर्फ विकास साहू (23 वर्ष, निवासी कालिका नगर तिफरा, थाना सिरगिट्टी) और एक अपचारी बालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में दोनों ने अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर चोरी की वारदात करना स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपियों से चोरी गया किराना सामान, नगदी रकम, एक मोटरसाइकिल तथा ताला तोडऩे में प्रयुक्त गैंती जब्त की। आरोपी मोहित साहू को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है, वहीं अपचारी बालक को किशोर न्याय बोर्ड, बिलासपुर के निर्देशानुसार बाल संप्रेषण गृह भेज दिया गया।
बरामदगी– घरेलू दैनिक उपयोग का किराना सामान , नगदी 5000 रुपये, एक मोटरसाइकिल , ताला तोडऩे में प्रयुक्त गैंती।
थाना प्रभारी गोपाल सतपथी का बयान-
थाना प्रभारी गोपाल सतपथी ने बताया कि पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए चोरी की घटना का 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। अपराधियों को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। इस तरह की आपराधिक गतिविधियों पर सख्ती से नियंत्रण रखा जाएगा।



