अनुभव से शिक्षा में उत्कृष्टता की नई शुरुआत; भूपेन्द्र कौशिक ने संभाला बिल्हा बीईओ का कार्यभार
शिक्षक संगठन और अधिकारियों ने किया स्वागत

शिक्षा में सुधार और समन्वय से ही बनेगी मजबूत नींव : बीईओ भूपेन्द्र
सीपत (हिमांशु गुप्ता)। एशिया के सबसे बड़े विकासखंड बिल्हा में सोमवार को श्री भूपेन्द्र कौशिक ने विकासखंड शिक्षा अधिकारी का कार्यभार ग्रहण किया। श्री कौशिक के पास शिक्षा विभाग के विविध स्तरों पर समृद्ध प्रशासनिक अनुभव है। वे पूर्व में तखतपुर एवं मस्तूरी में सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में विकासखंड शिक्षा अधिकारी, शिक्षा संभाग बिलासपुर में सहायक संचालक, तथा जांजगीर चांपा जिले में विकासखंड शिक्षा अधिकारी के पद पर अपनी दक्ष सेवाएं दे चुके हैं।
कार्यभार ग्रहण अवसर पर विभागीय अधिकारी, कर्मचारी एवं विभिन्न शिक्षक संगठनों के प्रतिनिधियों ने श्री कौशिक को बुके भेंट कर शुभकामनाएं दीं और उनके नेतृत्व में शिक्षा व्यवस्था को नई दिशा मिलने की उम्मीद जताई। नवपदस्थ बीईओ भूपेन्द्र कौशिक ने कहा कि मेरा प्रयास रहेगा कि अपने अब तक के अनुभव का उपयोग बिल्हा विकासखंड की शिक्षा व्यवस्था को और अधिक गुणवत्तापूर्ण, पारदर्शी और परिणाममुखी बनाया जाए। विभागीय दिशा-निर्देशों का प्रभावी क्रियान्वयन और शिक्षकों के बीच समन्वय से हम बेहतर शिक्षण वातावरण स्थापित करेंगे। हर शिक्षक को शिक्षा के माध्यम से समाज परिवर्तन’ का गर्व महसूस हो, यही मेरा लक्ष्य रहेगा। इस अवसर पर उपस्थित सभी शिक्षक, अधिकारी एवं शुभचिंतकों ने उनके उज्जवल कार्यकाल की शुभकामनाएं देते हुए हर्ष व्यक्त किया।



