बेटियों को सायकिल नहीं , भाजपा सरकार ने दी आत्मनिर्भरता की रफ्तार: जिपं अध्यक्ष राजेश
स्वामी आत्मानंद स्कूल सीपत में सरस्वती सायकिल योजना के तहत 49 बालिकाओं को मिला सशक्तिकरण का नया पहिया , छात्राओं में दिखी खुशी और उत्साह की लहर

सीपत (हिमांशु गुप्ता)। स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय सीपत में सोमवार को आयोजित कार्यक्रम में सरस्वती सायकिल योजना के अंतर्गत बालिकाओं को सायकिल वितरण किया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में उल्लास और उत्साह का वातावरण दिखाई दिया। इंग्लिश मीडियम की 19 तथा हिंदी मीडियम की 36 छात्राओं, कुल 49 बालिकाओं को सायकिलें प्रदान की गईं, जिससे वे अब आसानी से विद्यालय आ-जा सकेंगी और अपनी शिक्षा यात्रा को और सुगम बना सकेंगी।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी ने बालिकाओं को सायकिल वितरित करते हुए कहा कि राज्य सरकार की सरस्वती सायकिल योजना बालिकाओं के जीवन में शिक्षा के साथ आत्मनिर्भरता की नई राह खोल रही है। आज की बेटी किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं है, जरूरत है तो बस अवसर की। यह सायकिल एक साधन मात्र नहीं, बल्कि ‘सशक्तिकरण का प्रतीक’ है जो बालिकाओं को आत्मविश्वास और स्वतंत्रता दोनों प्रदान करेगी। सरकार की मंशा है कि कोई भी बेटी दूरी या साधन के अभाव में अपनी पढ़ाई अधूरी न छोड़े। मुझे पूर्ण विश्वास है कि ये बेटियाँ आगे चलकर समाज व देश का गौरव बढ़ाएंगी। उन्होंने आगे कहा कि आज सायकिल पाने वाली हर बालिका एक नई ऊर्जा से भर गई है। माता-पिता भी अपनी बेटियों को पढ़ाने में गर्व महसूस करें और उन्हें आगे बढऩे के लिए प्रेरित करें। आने वाले समय में यही बेटियाँ ‘शिक्षित समाज और सशक्त राष्ट्र’ की नींव बनेंगी।
सीपत भाजपा मंडल अध्यक्ष दीपक शर्मा ने कहा कि सरस्वती सायकिल योजना ग्रामीण क्षेत्र की उन बेटियों के लिए वरदान साबित हो रही है, जो दूर-दराज से विद्यालय आती हैं। पहले दूरी एक बड़ी चुनौती थी, पर अब यह सायकिल उनके सपनों को और तेज़ रफ्तार देगी। यह योजना शिक्षा के प्रसार और महिला सशक्तिकरण दोनों की दिशा में मील का पत्थर है। कार्यक्रम की अध्यक्षता शाला की प्रभारी प्राचार्या श्रीमती सरिता यादव ने की। उन्होंने कहा कि विद्यालय में पढऩे आने वाली बालिकाएँ अब और अधिक नियमित एवं समयनिष्ठ रहेंगी। यह सायकिल उन्हें केवल विद्यालय आने का साधन नहीं दे रही, बल्कि स्वावलंबन और आत्मविश्वास की प्रेरणा भी दे रही है। हमारी जिम्मेदारी है कि हम हर बालिका को न केवल शिक्षा दें, बल्कि उसे यह विश्वास भी दिलाएँ कि वह अपने सपनों को पूरा कर सकती है। स्वामी आत्मानंद विद्यालय में हम बेटियों को ‘ज्ञान, संस्कार और आत्मविश्वास’ तीनों का संगम प्रदान करने का प्रयास कर रहे हैं। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में जिला पंचायत सभापति प्रतिनिधि चंद्रप्रकाश सूर्या, सहकारिता प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष दुबे सिंह कश्यप, सरपंच श्रीमती मनीषा योगेश वंशकार, जिला भाजपा उपाध्यक्ष राज्यवर्धन कौशिक, शाला विकास प्रबंधन समिति के अध्यक्ष बांके बिहारी गुप्ता, मंडल उपाध्यक्ष अभिलेश यादव, मन्नू सिंह ठाकुर, मदनलाल पाटन, नारायण साहू, हरिश्चंद्र श्रीवास, बसंत साहू, तिरुपति पाटनवार, सतीश पाटनवार, कुलेश्वर पाटनवार, एसएमडीसी सदस्य श्रीमती गीता देवी साहू और वैभव तंबोली उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ व्याख्याता संतोष सिंह ने किया तथा आभार प्रदर्शन पी.के. पटेल ने किया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में लोभेराम साहू, रिचा तिवारी, शचि श्रीवास, विनीता शर्मा सहित सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं का सराहनीय सहयोग रहा। कार्यक्रम के दौरान सायकिल पाकर छात्राओं के चेहरों पर उल्लास और आत्मविश्वास की झलक दिखी। उन्होंने खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि अब विद्यालय जाना और आसान हो गया है, जिससे वे अपनी पढ़ाई पर और अधिक ध्यान दे सकेंगी।



