तेज रफ्तार ट्रेलर ने ली युवक की जान, नवाडीह चौक में दर्दनाक हादसा
सीपत थाना पुलिस ने शव कब्जे में लेकर शुरू की जांच

सीपत (हिमांशु गुप्ता)। सीपत के नवाडीह चौक के पास सोमवार की रात एक दर्दनाक सडक़ हादसे में गतौरा निवासी युवक की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार ट्रेलर की चपेट में आने से बाइक सवार की घटनास्थल पर ही जान चली गई। हादसे की सूचना मिलते ही सीपत पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। सीपत पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार गतौरा निवासी खिलेश चंद्राकर उर्फ कान्हा सोमवार की रात करीब 8:45 बजे अपनी पल्सर बाइक (क्रमांक सीजी 10 बीवी 5778) से गतौरा से गुड़ी की ओर जा रहा था। इस दौरान सामने से तेज गति में आ रही ट्रेलर (क्रमांक सीजी 10 बीएच 3957) ने नवाडीह चौक के पास उसे टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर जमा हो गए। सूचना मिलते ही सीपत थाना प्रभारी गोपाल सतपथी दल बल सहित मौके पर पहुंचे और शव को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा कार्यवाही की।
थाना प्रभारी गोपाल सतपथी ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। मृतक के परिजनों को सूचित कर शव को मरर्च्यूरी में रखा गया है। ट्रेलर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को जब्त कर लिया है और चालक की तलाश जारी है।



