युवा सोचेंगे सही, तभी लोकतंत्र होगा सशक्त : डॉ. शुभ्रा मिश्रा
मदनलाल शुक्ल महाविद्यालय सीपत में स्वीप कार्यक्रम के तहत हुई परिचर्चा

निबंध प्रतियोगिता और नुक्कड़ नाटक ने जगाई मतदान की चेतना
सीपत (हिमांशु गुप्ता)। शासकीय मदनलाल शुक्ल स्नातकोत्तर महाविद्यालय, सीपत में शुक्रवार को स्वीप कार्यक्रम के अंतर्गत मतदाता जागरूकता के विविध कार्यक्रमों का भव्य आयोजन हुआ। शासन के निर्देशानुसार तथा प्राचार्य डॉ. राजीव शंकर खेर के कुशल मार्गदर्शन में हुए इस आयोजन में लोकतंत्र बनाम चुनावी राजनीति विषय पर सशक्त परिचर्चा, निबंध प्रतियोगिता और संदेशपरक नुक्कड़ नाटक ने छात्र-छात्राओं में मतदान के प्रति जागरूकता की नई लहर पैदा की। कार्यक्रम का शुभारंभ राजनीति विज्ञान विभाग की सहायक प्राध्यापक एवं स्वीप प्रभारी डॉ. शुभ्रा मिश्रा के संचालन में परिचर्चा से हुआ।
छात्रों ने लोकतंत्र की मूल भावना, चुनावी राजनीति की चुनौतियों और युवाओं की भूमिका पर अपने विचार साझा किए। सभी वक्ताओं ने एकमत से कहा कि मतदान न सिर्फ अधिकार है, बल्कि एक जिम्मेदारी भी है। इसके बाद लोकतंत्र में मीडिया की भूमिका विषय पर निबंध प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। प्रतिभागियों ने मीडिया को लोकतंत्र का चौथा स्तंभ बताते हुए निष्पक्ष पत्रकारिता की आवश्यकता पर जोर दिया। कार्यक्रम के समापन पर एनएसएस इकाई द्वारा मतदाता सूची में नाम जोडऩे और मतदान प्रतिशत बढ़ाने के संदेश पर आधारित नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया गया। एनएसएस प्रभारी प्रो. शत्रुघ्न घृतलहरे के निर्देशन में प्रस्तुत इस नाटक ने उपस्थित विद्यार्थियों और नागरिकों को खूब प्रभावित किया।
नाटक में प्रशांत यादव, दीपक राठौड़, लक्ष्मीन साहू, लक्ष्मीन पटेल, विकास पटेल, नेहा साहू, सत्यवान, नरेंद्र कुमार, सुहानी मझारे और रश्मि ठाकुर सहित अनेक स्वयंसेवक शामिल रहे।
प्राचार्य डॉ. राजीव शंकर खेर ने कहा
युवा वर्ग लोकतंत्र की सबसे मजबूत नींव है। जब कॉलेज के छात्र मतदान के महत्व को समझेंगे, तभी समाज में परिवर्तन की शुरुआत होगी। इस तरह के आयोजन न केवल शिक्षा देते हैं, बल्कि नागरिक दायित्वों के प्रति जागरूक भी करते हैं।
स्वीप प्रभारी डॉ. शुभ्रा मिश्रा ने कहा
युवा सोचेंगे सही, तभी लोकतंत्र होगा सशक्त। मत देना केवल एक प्रक्रिया नहीं, बल्कि देश निर्माण की भागीदारी है। हमारा उद्देश्य है कि हर छात्र ‘मैं मतदाता हूँ’ की भावना के साथ समाज में एक सकारात्मक संदेश लेकर जाए।
कार्यक्रम में इनका रहा भरपूर योगदान
कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राध्यापक डॉ. रघुनंदन पटेल, डॉ. एम.डी. स्वर्णकार, प्रो. श्वेता पांडे, वरिष्ठ प्राध्यापिका नीना वखारिया, डॉ. राम प्रसाद चंद्र, डॉ. हेमपुष्पा नायक, श्रीमती वंदना श्रीवास्तव, जीवन प्रभाकर गोरे, धनंजय टंडन, श्री विमल तिवारी एवं दीपेश जोशी उपस्थित रहे। अंत में स्वीप प्रभारी डॉ. शुभ्रा मिश्रा ने सभी प्रतिभागियों, शिक्षकों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।



