कारोबार

दिवाली के बाद अब शादियों के सीजन में बंपर व्यापार की उम्मीद

नई दिल्ली। केवल नवंबर महीने में ही विवाह के लिए 14 से अधिक शुभ तिथियां बताई गई हैं। इसके बाद दिसंबर के महीने में भी शुभ विवाह की दृष्टि से कई शुभ मुहूर्त पड़ रहे हैं। ऐसे में लगभग पूरा नवंबर विवाहों की खरीदारी में व्यस्त रहने वाला है।
दिवाली और धनतेरस के त्योहारी सीजन में पूरे देश में छ: लाख करोड़ रुपये से अधिक का व्यापार होने का अनुमान है। इससे एफएमसीजी उत्पादों, इलेक्ट्रॉनिक्स, इलेक्ट्रिकल उत्पादों, सजावटी वस्तुओं, वाहनों के सेक्टर के साथ-साथ वस्त्र उद्योग से जुड़े व्यापारियों-कंपनियों को लाभ हुआ है। इसके बाद अब विवाहों का सीजन शुरू हो जाएगा। आर्थिक मामलों के जानकारों का अनुमान है कि विवाह के सीजन में भी जीएसटी दरों में कमी का लाभ व्यापार जगत को मिलेगा और इस दौरान व्यापार में तेजी बनी रहेगी।
ज्योतिषाचार्यों के अनुसार, इस वर्ष चातुर्मास के बाद एक नवंबर 2025 को देवउठनी एकादशी का व्रत मनाया जाएगा। इसके ठीक एक दिन बाद यानी दो नवंबर को द्वादशी तिथि को तुलसी विवाह का शुभ दिन निर्धारित है। सनातनी परंपरा में इस दिन भगवान शालिग्राम और तुलसी का विवाह मनाया जाता है। इस दिन के साथ ही हिंदू परंपरा के लोग शुभ कार्यों की शुरुआत कर देते हैं। इस दिन से विवाहों के शुभ मुहूर्तों की भी शुरुआत हो जाती है। यानी दिवाली सीजन के एक पखवाड़े के अंदर ही विवाहों के शुभ मुहूर्तों की शुरुआत हो जाएगी।

Related Articles

Back to top button