विकास की गति थमने नहीं देंगे, मस्तूरी क्षेत्र को छत्तीसगढ़ में अग्रणी बनाना हमारा लक्ष्य : विधायक लहरिया
गुड़ी में पीडीएस भवन का भूमिपूजन, हिंडाडीह में सीसी रोड का लोकार्पण

ग्रामीण विकास को नई दिशा देने जुटे विधायक लहरिया व जिपं. सदस्य राजेंद्र धीवर
सीपत (हिमांशु गुप्ता)। मस्तूरी विधानसभा क्षेत्र के विकास को गति देने के उद्देश्य से विधायक दिलीप लहरिया ने शुक्रवार को ग्राम गुड़ी में 13 लाख की लागत से पीडीएस भवन का भूमिपूजन एवं ग्राम हिंडाडीह में 10 लाख की लागत से निर्मित सीसी रोड का लोकार्पण किया। दोनों ही कार्यक्रम उत्साह और जनभागीदारी के साथ संपन्न हुए, जिनमें ग्रामीणों ने विधायक का जोरदार स्वागत किया।
विकास को गांव-गांव तक पहुँचाने का संकल्प — लहरिया
कार्यक्रम में संबोधित करते हुए विधायक दिलीप लहरिया ने कहा कि हमारी सरकार विकास को लेकर वचनबद्ध है। गांव-गांव तक सडक़, बिजली, पानी और आवास जैसी मूलभूत सुविधाएँ पहुँचाना हमारी प्राथमिकता है। यह केवल योजनाएँ नहीं, बल्कि जनता के विश्वास की नींव है। मस्तूरी विधानसभा क्षेत्र को हम सभी मिलकर छत्तीसगढ़ में एक आदर्श क्षेत्र के रूप में स्थापित करेंगे। उन्होंने आगे कहा कि विकास तभी पूर्ण होगा जब हर वर्ग आर्थिक और सामाजिक रूप से आत्मनिर्भर बनेगा। इसके लिए शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाना ही हमारा लक्ष्य है।
जनता के साथ हूँ, संघर्ष भी उनके लिए है: राजेंद्र धीवर
कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य राजेंद्र धीवर ने कहा कि विकास के हर कदम पर जनता की भागीदारी जरूरी है। हम क्षेत्र के हर गांव तक योजनाओं को धरातल पर उतारने के लिए निरंतर संघर्ष कर रहे हैं। विधायक लहरिया के नेतृत्व में मस्तूरी तेजी से आगे बढ़ रहा है और आने वाले समय में यह क्षेत्र विकास का केंद्र बनेगा। उन्होंने ग्रामीणों से आह्वान किया कि वे सरकारी योजनाओं की जानकारी लेकर उनका लाभ उठाएँ, ताकि हर घर में खुशहाली पहुँचे।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों की उपस्थिति
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि विधायक दिलीप लहरिया, विशिष्ट अतिथि जिला पंचायत सदस्य राजेंद्र धीवर, जनपद पंचायत सभापति मनोज खरे, जनपद सदस्य विजय गुप्ता, किसान नेता प्रमोद जायसवाल, पूर्व जनपद सदस्य अभिलेश यादव, राजू सूर्यवंशी, ग्राम पंचायत गुड़ी के सरपंच दुर्गा प्रसाद साहू सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और ग्रामीण मौजूद रहे।
जनता के बीच उत्साह का माहौल
ग्रामवासियों ने विधायक व अतिथियों का पुष्पहार पहनाकर स्वागत किया। ग्रामीणों ने कहा कि विकास कार्यों की इस गति से अब क्षेत्र की तस्वीर बदलने लगी है। गांव-गांव तक विकास पहुँचाने के संकल्प के साथ विधायक लहरिया का संदेश साफ — मस्तूरी क्षेत्र अब विकास की नई पहचान बनेगा।



