देश / विदेश

भारत में निवेश का यह सही समय : उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन

विशाखापत्तनम। आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम में आयोजित 30वें सीआईआई साझेदारी शिखर सम्मेलन के उद्घाटन सत्र में मुख्य अतिथि के रूप में उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन पहुंचे, जहां उन्होंने भारत की तेज आर्थिक प्रगति, निवेश संभावनाओं और वैश्विक नेतृत्व क्षमता के बारे में लोगों को बताया।
दुनिया भर से आए उद्योग जगत के दिग्गजों, नीति निर्माताओं और 45 देशों के प्रतिनिधियों सहित 2,500 से अधिक प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए उपराष्ट्रपति ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत अभूतपूर्व आर्थिक परिवर्तन के दौर से गुजर रहा है। उपराष्ट्रपति ने गरीबी उन्मूलन को प्रधानमंत्री मोदी की ऐतिहासिक उपलब्धि बताते हुए कहा कि करोड़ों लोगों को गरीबी रेखा से ऊपर लाना निरंतर आर्थिक गतिविधियों और अवसर सृजन का परिणाम है।
उन्होंने कहा कि भारत में निवेश करने का यह सबसे उपयुक्त समय है, क्योंकि देश श्रम कानूनों, कर सुधारों, बुनियादी ढांचे और डिजिटल पहलों के क्षेत्र में व्यापक सुधार कर रहा है। राधाकृष्णन ने भारत को दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था और सबसे तेजी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्था बताते हुए कहा कि भारत का स्टार्टअप इकोसिस्टम दुनिया में तीसरे स्थान पर है तथा स्वच्छ प्रौद्योगिकी निर्यात में देश तेजी से वैश्विक नेतृत्व की ओर बढ़ रहा है।

Related Articles

Back to top button