छत्तीसगढ़

11 केवी लाइन के शार्ट सर्किट से किसान की मेहनत स्वाहा , साढ़े चार एकड़ की तुलसी मंजरी धान जलकर राख

लाखों का नुकसान, गुड़ी के किसान ने की मुआवजे की गुहार, जांच की मांग तेज

सीपत (हिमांशु गुप्ता)। ग्राम गुड़ी देउरपारा निवासी किसान अश्वनी साहू के लिए शुक्रवार का दिन कहर बनकर आया, जब विद्युत विभाग की 11 केवी हाईटेंशन लाइन में हुए शार्ट सर्किट से उठी चिंगारी ने उनके कोठार में रखी साढ़े चार एकड़ की तुलसी मंजरी किस्म की धान को आग के हवाले कर दिया। कुछ ही पलों में धुएं और लपटों ने पूरी फसल को अपनी चपेट में ले लिया और वर्षों की मेहनत देखते ही देखते राख में तब्दील हो गई।
घटना शुक्रवार दोपहर लगभग 1:30 बजे की है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार अचानक ऊपर से निकली चिंगारी सीधे कोठार पर गिरी, जिससे सूखी धान में आग लग गई। आग इतनी भीषण थी कि ग्रामीणों द्वारा तुरंत प्रयास के बावजूद उसे काबू में नहीं लाया जा सका। एनटीपीसी के दमकल वाहन के पहुंचने तक पूरी धान जल चुकी थी। पीडि़त किसान अश्वनी साहू ने बताया कि जली हुई तुलसी मंजरी धान की अनुमानित कीमत करीब साढ़े तीन लाख रुपए है। उन्होंने विभाग की लापरवाही बताते हुए कहा कि बार-बार शिकायत के बावजूद जर्जर तारों की मरम्मत नहीं की गई, जिसका खामियाजा आज उन्हें भुगतना पड़ा है।
घटना की सूचना मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई और प्रशासन को भी सूचित किया गया। पीडि़त ने विद्युत विभाग से तत्काल क्षतिपूर्ति एवं मुआवजे की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में पहले भी विद्युत तारों से चिंगारी गिरने की घटनाएं हो चुकी हैं। ऐसी घटनाओं पर विभाग को संज्ञान लेने की जरूरत है। किसान अश्वनी साहू की यह फसल उनके पूरे वर्ष की आजीविका का मुख्य आधार थी, जो अब राख हो चुकी है। पीडि़त परिवार आर्थिक संकट में आ गया है और प्रशासन से जल्द राहत की उम्मीद लगाए बैठा है। फिलहाल विद्युत विभाग द्वारा मामले की जांच की बात कही जा रही है, वहीं किसान और ग्रामीणों की नजरें अब प्रशासनिक निर्णय पर टिकी हैं कि उन्हें न्याय और उचित मुआवजा कब मिलेगा।

Related Articles

Back to top button