बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला की विशेष उपस्थिति में विरानी पब्लिक स्कूल का भव्य वार्षिक खेल महोत्सव कल
दौड़ से लेकर कबड्डी-फुटबॉल तक कई रोमांचक मुकाबलों में छात्र दिखाएंगे प्रतिभा, विजेताओं को मिलेगा विशेष सम्मान

सीपत (हिमांशु गुप्ता)। विरानी पब्लिक हायर सेकंडरी स्कूल, सीपत का वार्षिक खेल दिवस इस बार ऊर्जा, उमंग और अद्वितीय उत्साह का संगम बनने जा रहा है। कल 2 दिसंबर दिन मंगलवार को होने वाला यह भव्य आयोजन विद्यालय की उत्कृष्ट खेल परंपरा और बच्चों की प्रतिभा को नई दिशा देने वाला साबित होगा। इस गरिमामय अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला विशेष रूप से शामिल होंगे, जिनकी उपस्थिति से कार्यक्रम का स्तर और अधिक ऊँचा होने जा रहा है। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में सीपत भाजपा मंडल अध्यक्ष दीपक शर्मा और सीपत सरपंच मनीषा योगेश वंशकार शिरकत करेंगे। अतिथियों की यह सुविख्यात तिकड़ी आयोजन को प्रेरणादायी और अविस्मरणीय बनाएगी। कार्यक्रम का शुभारंभ परंपरागत रूप से दीप प्रज्वलन और ध्वजारोहण के साथ होगा। खेल मैदान को आकर्षक सजावट से संवारकर विद्यालय ने इस आयोजन को खास बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ी है। विद्यालय की डायरेक्टर नसीम विरानी और प्राचार्य तारा गिरी ने बताया कि खेल न केवल शरीर को सशक्त बनाते हैं, बल्कि अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना का भी विकास करते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को पूरे जोश और आत्मविश्वास के साथ भाग लेने के लिए प्रेरित किया।
रोमांचक प्रतियोगिताओं में दिखेगा दमखम
खेल दिवस के दौरान छात्र-छात्राएं कई रोचक व चुनौतीपूर्ण खेल विधाओं में अपना कौशल और क्षमता का प्रदर्शन करेंगे। इनमें दौड़ प्रतियोगिता रिले रेस , कबड्डी , फुटबॉल, लंबी कूद , रस्साकशी आदि प्रमुख रूप से शामिल हैं। इन सभी खेलों के प्रशिक्षण और आयोजन में स्पोर्ट्स टीचर सूर्य प्रकाश चंद्राकर की सूझबूझ और मेहनत अहम भूमिका निभा रही है।
उत्कृष्ट खिलाडिय़ों को मिलेगा सम्मान
प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को मुख्य अतिथि बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला सहित सभी अतिथियों द्वारा मेडल और प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा। इससे छात्रों में नई प्रेरणा और आत्मविश्वास का संचार होगा। खेल दिवस को लेकर विरानी पब्लिक हायर सेकंडरी स्कूल का पूरा परिवार उत्साह से सराबोर है। विद्यार्थी दिनों से तैयारी में जुटे हुए हैं और शिक्षक वर्ग आयोजन को सफल व यादगार बनाने में तन-मन से लगे हुए हैं। यह वार्षिक खेल दिवस न केवल खेल प्रतिभाओं को मंच देगा, बल्कि बच्चों में अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना को भी मजबूत करेगा। विद्यालय, आयोजन और मुख्य अतिथियों की शानदार उपस्थिति मिलकर इस कार्यक्रम को एक ऐतिहासिक रूप देने जा रही है।



