देश / विदेश

मन की बात में पीएम मोदी ने गिनाईं ऊर्जा क्षेत्र की उपलब्धियां

राष्ट्र निर्माण और संस्कृति पर भी रखें विचार

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘मन की बात’ में भारत की ऊर्जा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता पर जोर देते हुए दो बड़ी उपलब्धियों की सराहना की; उन्होंने कलपक्कम में स्वदेशी फास्ट ब्रीडर रिएक्टर द्वारा ‘क्रिटिकैलिटी’ हासिल करने को ऐतिहासिक बताया और पवन ऊर्जा क्षमता में भारत के दुनिया में चौथे स्थान पर पहुंचने की प्रशंसा की।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को अपने मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 133वें एपिसोड में देश को संबोधित किया। इस दौरान पीएम ने भारत के परमाणु कार्यक्रम और पवन ऊर्जा में मिली बड़ी सफलताओं पर गर्व जताया। उन्होंने कहा कि देश के वैज्ञानिक लगातार राष्ट्र निर्माण में अहम योगदान दे रहे हैं। पीएम ने इसके साथ ही भारतीय संस्कृति, आने वाले त्योहारों और तकनीक के बढ़ते प्रभाव पर भी अपने विचार साझा किए। प्रधानमंत्री ने बताया कि भारत के परमाणु वैज्ञानिकों ने एक बहुत बड़ी कामयाबी हासिल की है। तमिलनाडु के कलपक्कम में ‘फास्ट ब्रीडर रिएक्टर’ ने ‘क्रिटिकैलिटी’ हासिल कर ली है। पीएम ने गर्व से कहा कि यह भारत की परमाणु ऊर्जा यात्रा में एक बड़ा मील का पत्थर है और सबसे बड़ी बात यह है कि इसे पूरी तरह से भारत की अपनी तकनीक से बनाया गया है।
पीएम मोदी ने ‘पवन ऊर्जा’ को एक ऐसी अदृश्य शक्ति बताया जो देश को आगे ले जा रही है। भारत ने पवन ऊर्जा के क्षेत्र में बड़ी प्रगति की है और अब देश की उत्पादन क्षमता 56 गीगावॉट से अधिक हो गई है। इस उपलब्धि के साथ भारत आज दुनिया में पवन ऊर्जा के मामले में चौथे स्थान पर पहुंच गया है।
मई महीने की शुरुआत के साथ ही पीएम ने जल्द आने वाली ‘बुद्ध पूर्णिमा’ की सभी देशवासियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि आज की तनावपूर्ण दुनिया में भगवान गौतम बुद्ध के विचार बहुत जरूरी हैं। बुद्ध ने सिखाया था कि शांति की शुरुआत अपने अंदर से होती है और खुद पर जीत पाना ही सबसे बड़ी जीत है।

Related Articles

Back to top button