मस्तूरी में विकास की नई इबारत; विधायक के प्रयासों से 40 लाख के कार्यों को मंजूरी , लहरिया ने कहा- विकास के लिए विश्वास व जनसहभागिता जरूरी
शहीद चंद्रशेखर आजाद नगर और बंशीलाल धृतलहरे नगर को मिली बड़ी सौगात, सामुदायिक भवन, सीसी रोड और शहीद वीर नारायण सिंह की आदमकद प्रतिमा का होगा निर्माण

सीपत (हिमांशु गुप्ता)। मस्तूरी विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों की रफ्तार लगातार तेज हो रही है। क्षेत्र के लोकप्रिय व जनसमर्पित विधायक श्री दिलीप लहरिया की प्रभावी अनुशंसा एवं सतत प्रयासों के परिणामस्वरूप अधोसंरचना मद अंतर्गत कुल 40 लाख रुपये के महत्वपूर्ण विकास कार्यों को स्वीकृति मिली है। इन स्वीकृत कार्यों में सामुदायिक भवनों का निर्माण, सीसी रोड और शहीद वीर नारायण सिंह की आदमकद प्रतिमा स्थापना शामिल हैं। ये सभी कार्य वार्ड क्रमांक 42 शहीद चंद्रशेखर आजाद नगर एवं वार्ड क्रमांक 43 बंशीलाल धृतलहरे नगर के लिए मील का पत्थर साबित होंगे।
स्थानीय नागरिकों ने इन स्वीकृतियों को दोनों वार्डों के लिए बड़ी सौगात बताते हुए विधायक लहरिया का आभार व्यक्त किया है और कहा है कि इन कार्यों से क्षेत्र के सामाजिक-सांस्कृतिक ढांचे में नई ऊर्जा का संचार होगा। वार्ड 42, देवरीडीह – कृष्णा चौक के पास 5 लाख का सामुदायिक भवन निर्माण कार्य , वार्ड 42, रामेश्वर शिव मंदिर के पास 5 लाख का सामुदायिक भवन निर्माण कार्य , वार्ड 43, सफेद खदान बर चौक के पास 10 लाख का सामुदायिक भवन निर्माण कार्य , वार्ड 43, बुटापारा आरती ठाकुर के घर से सोमनाथ भोई के घर तक 5 लाख का सीसी रोड निर्माण , वार्ड 42, गोंडवाना चौक देवरीखुर्द के पास 15 लाख का शहीद वीर नारायण सिंह की आदमकद प्रतिमा स्थापना की स्वीकृति हुई है।
मस्तूरी विधायक दिलीप लहरिया ने कहा कि मस्तूरी वासियों का विकास मेरे लिए सर्वोच्च प्राथमिकता है।जनसहभागिता और आपके विश्वास के बल पर ही हम आज एक के बाद एक विकास कार्यों को संभव बना पा रहे हैं। शहीद वीर नारायण सिंह की आदमकद प्रतिमा हमारे गौरवशाली इतिहास का सम्मान होगी, वहीं सामुदायिक भवन और सडक़ें स्थानीय सुविधाओं को मजबूत करेंगी। आने वाले दिनों में और भी विकास कार्यों की स्वीकृतियाँ दिलाने हेतु प्रयास निरंतर जारी रहेंगे।

