6 दिसंबर को खैरा स्टेडियम में गूंजेगी महिला शक्ति; विकासखंड स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का भव्य आयोजन
स्कूल शिक्षा विभाग मस्तूरी द्वारा दो आयु वर्गों में एथलेटिक्स, हॉकी, बैडमिंटन से लेकर रस्साकस्सी तक कई खेलों की प्रतियोगिताएँ; क्षेत्र की बालिकाओं व महिलाओं में उत्साह

सीपत (हिमांशु गुप्ता) । महिलाओं में खेल भावना को प्रोत्साहित करने और प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने के उद्देश्य से स्कूल शिक्षा विभाग, विकासखंड मस्तूरी द्वारा 6 दिसंबर को विकासखंड स्तरीय महिला खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। यह एक दिवसीय भव्य आयोजन खैरा स्टेडियम, जयरामनगर में होगा, जहाँ बड़ी संख्या में महिला खिलाड़ी और बालिकाएँ भाग लेकर अपने कौशल का प्रदर्शन करेंगी।
प्रतियोगिता दो आयु वर्गों में आयोजित की जाएगी जिसमें 9 से 18 वर्ष आयु वर्ग हेतु बालिकाएँ व 18 से 35 वर्ष आयु वर्ग हेतु महिलाएँ भाग लेंगी। प्रतिभागियों के लिए विविध खेल शामिल किए गए हैं, जिनमें एथलेटिक्स (दौड़), तवा फेंक, खो-खो, हॉकी, बैडमिंटन, वॉलीबॉल, कुश्ती, बास्केटबॉल, फुटबॉल, वेटलिफ्टिंग और रस्साकस्सी प्रमुख हैं। आयोजन समिति ने बताया कि प्रतियोगिता का उद्देश्य विकासखंड के ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों की बालिकाओं एवं महिलाओं की छिपी प्रतिभा को सामने लाना है, ताकि वे बड़े स्तर की प्रतियोगिताओं में आगे बढ़ सकें। स्थानीय पंचायतों व ग्रामवासियों से अपील की गई है कि वे अधिक से अधिक संख्या में अपनी बालिकाओं व महिलाओं को भाग लेने हेतु प्रेरित करें और उनके उत्साहवर्धन के लिए प्रतियोगिता स्थल पर उपस्थित हों। इच्छुक प्रतिभागी स्कूल शिक्षा विभाग, मस्तूरी से संपर्क कर प्रतियोगिता में पंजीकरण कर सकते हैं।

