वैज्ञानिक दृष्टिकोण ही भविष्य की पहचान, राष्ट्रीय आविष्कार अभियान बच्चों में जगा रहा नवाचार की अलख: बीआरसी सूरज क्षत्री
ऊर्जा पार्क भ्रमण के जरिए विद्यार्थियों ने जाना ऊर्जा संरक्षण, खगोल-ज्ञान, वैज्ञानिक प्रयोग और प्रकृति से जुड़ी महत्वपूर्ण अवधारणाएँ

सीपत (हिमांशु गुप्ता)। स्कूल शिक्षा विभाग छत्तीसगढ़ रायपुर, जिला कलेक्टर व जिला पंचायत बिलासपुर के मार्गदर्शन तथा जिला शिक्षा अधिकारी एवं समग्र शिक्षा मिशन कार्यालय के निर्देशन में विकासखण्ड मस्तूरी के 42 मेधावी बच्चों को राष्ट्रीय अविष्कार अभियान के तहत ऊर्जा पार्क, राजकिशोरनगर बिलासपुर का शैक्षणिक भ्रमण कराया गया। गणित एवं विज्ञान विषयों में उत्कृष्ट दक्षता रखने वाले इन बच्चों ने विभिन्न वैज्ञानिक मॉडलों एवं ऊर्जा संरक्षण संबंधी ज्ञानवर्धक विषयों को नज़दीक से समझा। ऊर्जा पार्क में बच्चों ने नवग्रह तारा मंडल, चुम्बकीय तत्वों की उपस्थिति, कचरा प्रबंधन, ऊर्जा के स्रोत, पर्यावरण संरक्षण तथा विज्ञान आधारित कई स्थायी मॉडलों का अवलोकन किया। साथ ही पार्क में स्थित प्राकृतिक वनस्पतियों, फूलों, खेल-व्यायाम संबंधी उपकरणों व एडवेंचर गतिविधियों का अनुभव भी लिया। बच्चों में गजब का उत्साह और जिज्ञासा दिखी।
इस दौरान बीआरसी सूरज क्षत्री ने कहा कि राष्ट्रीय अविष्कार अभियान बच्चों में वैज्ञानिक चेतना का मजबूत बीज बो रहा है। यह केवल भ्रमण नहीं, बल्कि भविष्य की प्रयोगशाला है जहाँ बच्चे सीखते हैं कैसे सोचना है, क्यों सोचना है और विज्ञान को जीवन में कैसे उतारना है। हमारा लक्ष्य है कि मस्तूरी का प्रत्येक बच्चा गणित–विज्ञान में दक्ष हो और नवाचार की दिशा में आत्मविश्वास से आगे बढ़े। मस्तूरी बीईओ शिवराम टंडन ने कहा कि बच्चों को उत्कृष्ट शिक्षण के साथ प्रयोग आधारित सीखने का अवसर देना ही राष्ट्रीय अविष्कार अभियान का मूल उद्देश्य है। ऊर्जा पार्क भ्रमण ने बच्चों के अंदर वैज्ञानिक सोच, पर्यावरणीय समझ और तार्किक दृष्टि को और मजबूत किया है। ऐसे शैक्षणिक अनुभव भविष्य में इन्हें कल्पनाशील और नवोन्मेषी नागरिक बनाएंगे।
भ्रमण उपरांत विद्यार्थियों को स्वादिष्ट भोजन कराया गया तथा एक दिवसीय राष्ट्रीय अविष्कार अभियान भ्रमण कार्यक्रम का समापन हुआ। कार्यक्रम में विकास खंड शिक्षा अधिकारी शिवराम टंडन, बीआरसीसी सूरज क्षत्री, संकुल समन्वयक प्रमोद पाण्डेय, पुरुषोत्तम धृतलहरे, अकाउंटेंट हिमांशु शर्मा, शिक्षिका आशा उज्जैनी, सुनीता टांडे तथा भृत्य दीपक शर्मा सहित छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे।


