ठंड में स्नेह की गर्माहट, अवधेश अग्रवाल ने कहा- संस्कारयुक्त शिक्षा से ही सशक्त समाज का निर्माण
स्व. बद्री प्रसाद अग्रवाल की स्मृति में 110 बच्चों को स्वेटर वितरित, ठंड में मिली राहत और चेहरे पर लौटी मुस्कान

सीपत (हिमांशु गुप्ता)। शिक्षा के साथ साथ मानवीय संवेदना और संस्कारों का संदेश लिए कौवाताल गांव में प्रेरणादायी आयोजन देखने को मिला, जहाँ स्वर्गीय बद्री प्रसाद अग्रवाल (मालगुजार, मटियारी) की पुण्य स्मृति में 110 विद्यार्थियों को गर्म स्वेटर वितरित किए गए। यह आयोजन संकुल स्त्रोत केंद्र कन्या शाला सीपत के अंतर्गत शासकीय प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक शाला कौवाताल में मस्तूरी बीईओ शिवराम टंडन एवं विकासखंड स्त्रोत समन्वयक सूरज क्षत्री के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।
ठंड से बचाव के साथ संस्कारों की सीख
मटियारी निवासी सुपुत्र द्वय अवधेश अग्रवाल (जनपद सदस्य, बिल्हा) एवं राजेश अग्रवाल (एसएसपी, सरगुजा) द्वारा अपने पूज्य पिता की स्मृति को जीवंत रखते हुए इस सामाजिक सरोकार का निर्वहन किया गया। कार्यक्रम के दौरान 110 बच्चों को स्वेटर मिलने से विद्यालय परिसर खुशी और उल्लास से गूंज उठा, बच्चों के चेहरों पर सच्ची मुस्कान साफ देखने को मिली।
शिक्षा केवल ज्ञान नहीं, संस्कारों की नींव भी है : अवधेश अग्रवाल
मुख्य अतिथि एवं जिला भाजपा उपाध्यक्ष अवधेश अग्रवाल ने अपने प्रेरक संबोधन में कहा कि शिक्षा केवल किताबों तक सीमित नहीं होती, शिक्षा से ही व्यक्ति के भीतर संस्कारों का निर्माण होता है। जब शिक्षा और संस्कार साथ-साथ चलते हैं, तभी समाज सशक्त बनता है। उन्होंने बच्चों को मन लगाकर पढ़ाई करने और सकारात्मक नागरिक बनने का आशीर्वाद भी दिया।
नियमित पढ़ाई और अनुशासन से ही सफलता का रास्ता बनता है: बसंत साहू
विशिष्ट अतिथि बसंत साहू (सरपंच, ग्राम पंचायत कौवाताल) ने कहा कि नियमित विद्यालय आना ही बच्चों की सबसे बड़ी पूंजी है। शासन के साथ-साथ समाज के सहयोग से ही बच्चों का भविष्य उज्ज्वल होगा।
जब समाज और विद्यालय साथ आते हैं, तब बच्चों का भविष्य संवरता है : प्रमोद पाण्डेय
कार्यक्रम का संचालन कर रहे संकुल शैक्षिक समन्वयक प्रमोद कुमार पाण्डेय ने कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों में आत्मविश्वास बढ़ाते हैं। समाज और विद्यालय जब साथ खड़े होते हैं, तब शिक्षा परिणाम तक नहीं, जीवन निर्माण तक पहुँचती है।
गरिमामय उपस्थिति और श्रद्धांजलि
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के छायाचित्र पर पूजन एवं भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर के महापरिनिर्वाण दिवस पर श्रद्धा सुमन अर्पित कर किया गया। इस अवसर पर पूर्व सरपंच ग्राम पंचायत मटियारी, पूर्व सरपंच कौवाताल जयसिंह सिदार, शाला प्रबंधन समिति अध्यक्ष ईश्वरी साहू, उपाध्यक्ष आकांक्षा केवट, सौखीलाल साहू, दिलहरण साहू, राजेन्द्र सूर्यवंशी सहित ग्रामीणजन, शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम में अवधेश अग्रवाल का शाल-श्रीफल एवं स्मृति चिन्ह भेंटकर सम्मान किया गया। आभार प्रदर्शन प्रधान पाठक रामकिशुन सूर्यवंशी द्वारा किया गया।




