छत्तीसगढ़

नरगोड़ा आ पहुंचा हाथी, हडक़ंप — युवक को फुटबॉल की तरह फेंका , घायल……बस्ती की ओर भागे ग्रामीण

गौठान क्षेत्र में देखा गया किशोर हाथी, दहशत में लोग घर छोडक़र सुरक्षित जगह पहुंचे; जनपद सदस्य की तत्परता से घायल युवक को अस्पताल पहुंचाया गया

सीपत (हिमांशु गुप्ता)। गुरुवार की रात लगभग 8 बजे सीपत से 3 किमी दूर बसे नरगोड़ा गांव में एक भटका हुआ किशोर हाथी अचानक पहुंच गया, जिसके बाद पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। हाथी को सबसे पहले गौठान के आसपास घूमते हुए ग्रामीणों ने देखा। इसकी सूचना मिलते ही स्थानीय लोग घबराकर अपने-अपने घरों से निकलकर नरगोड़ा बस्ती की ओर सुरक्षित स्थान पर शरण लेने लगे।

वन विभाग की टीम मौके पर सक्रिय

सूचना पर वन विभाग की लगभग 30 सदस्यीय टीम मौके पर पहुंच गई और हाथी की मूवमेंट पर लगातार निगरानी शुरू कर दी। पिछले 10 दिनों से पोड़ी और ठरकपुर क्षेत्र में आतंक मचा रहा यही किशोर हाथी लगातार फसलें रौंद रहा है और कई ग्रामीणों को नुकसान पहुंचा चुका है। सीपत सर्किल के डिप्टी रेंजर लक्ष्मी गढ़ेवाल , वन रक्षक सचिन राजपूत सहित उनकी पूरी टीम रेस्क्यू में लगे हुए हैं।

युवक को हाथी ने पैर से उछाला, घायल — जनपद सदस्य ने पहुंचाया अस्पताल

दहशत के बीच 28 वर्षीय संतोष खरे पिता रामवतार खरे अचानक हाथी की चपेट में आ गए। ग्रामीणों के अनुसार हाथी ने संतोष को फुटबॉल की तरह।पैर से उछाल दिया, जिससे उन्हें चोटें आईं। घटना की जानकारी मिलते ही जनपद सदस्य श्रीमती अनिता विजय गुप्ता मौके पर पहुंची और घायल युवक को अपनी गाड़ी में बैठाकर सीपत स्वास्थ्य केंद्र ले गईं, जहां उसका प्राथमिक उपचार किया गया।

ग्रामीणों में भय का माहौल

ग्रामीणों का कहना है कि पिछले कई दिनों से हाथी की छापामार मौजूदगी के कारण रात में जाग-जागकर समय बिताना पड़ रहा है। खेतों में खड़ी फसलों को भारी नुकसान हो रहा है और लोगों की सुरक्षा पर भी खतरा मंडरा रहा है।

वन विभाग की अपील :

वन विभाग ने ग्रामीणों को रात में घरों से बाहर न निकलने, समूह में रहने और हाथी के मूवमेंट की सूचना तत्काल देने की अपील की है।

Related Articles

Back to top button