छत्तीसगढ़

नवनिर्वाचित जिला सहकारी केंद्रीय बैंक अध्यक्ष रजनीश कुमार सिंह से सहकारी समिति कर्मचारी संघ की सौजन्य भेंट, दी शुभकामनाएं

सहकारिता को मजबूत, पारदर्शी और कर्मचारी-हितैषी बनाना हमारी साझा जिम्मेदारी: कमलकांत पटनवार

सीपत (हिमांशु गुप्ता)। सहकारिता आंदोलन को और अधिक सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत सहकारी समिति कर्मचारी संघ के जिला पदाधिकारियों ने जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित, बिलासपुर के नवनिर्वाचित जिलाध्यक्ष श्री रजनीश कुमार सिंह से उनके निज निवास में सौजन्य भेंट कर उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर सहकारी समिति कर्मचारी संघ के जिला अध्यक्ष कमलकांत पटनवार ने श्री सिंह के निर्वाचन को सहकारिता जगत के लिए शुभ संकेत बताते हुए कहा कि रजनीश कुमार सिंह जैसे अनुभवी, दूरदर्शी और जमीनी नेतृत्व के धनी व्यक्ति का जिला सहकारी केंद्रीय बैंक का अध्यक्ष बनना कर्मचारियों और किसानों—दोनों के लिए लाभकारी सिद्ध होगा। उनके नेतृत्व में सहकारिता व्यवस्था और अधिक पारदर्शी, मजबूत व कर्मचारी-हितैषी बनेगी।
कमलकांत पटनवार ने आगे कहा कि सहकारी समितियों के कर्मचारी ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं और बैंक एवं संघ के बीच समन्वय से ही किसानों तक योजनाओं का वास्तविक लाभ पहुँचाया जा सकता है।।हम सभी मिलकर सहकारिता को विश्वास, सेवा और विकास का माध्यम बनाएंगे, यह संकल्प उन्होंने दोहराया। इस सौजन्य भेंट के दौरान जिला महासचिव श्री रूद्र तिवारी, जिला कोषाध्यक्ष श्री कोमल चंद्राकर, श्री दिलीप शुक्ला, श्री अरुण कश्यप एवं श्री राकेश साहू सहित अन्य जिला पदाधिकारी उपस्थित रहे। सभी पदाधिकारियों ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष को पुष्पगुच्छ भेंट कर उनके सफल कार्यकाल की कामना की।
नवनिर्वाचित जिलाध्यक्ष रजनीश कुमार सिंह ने संघ के पदाधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे कर्मचारियों, किसानों और सहकारिता संस्थाओं के हितों की रक्षा के लिए सदैव तत्पर रहेंगे और सभी को साथ लेकर विकास की नई दिशा में कार्य करेंगे। भेंट के दौरान सौहार्दपूर्ण वातावरण में सहकारिता से जुड़े विभिन्न विषयों पर सकारात्मक चर्चा भी हुई, जिससे आने वाले समय में बैंक और कर्मचारी संघ के बीच बेहतर तालमेल की उम्मीद जताई गई।

Related Articles

Back to top button