भाजयुमो प्रदेश विशेष आमंत्रित सदस्य बने ललित यादव, शीर्ष नेतृत्व के विश्वास से मिला नया दायित्व
शीर्ष नेतृत्व का विश्वास ही मेरी सबसे बड़ी ताकत, संगठन के लिए पूरी निष्ठा से करूंगा कार्य: ललित यादव

सीपत (हिमांशु गुप्ता)। भारतीय जनता पार्टी छत्तीसगढ़ प्रदेश संगठन द्वारा प्रदेश विशेष आमंत्रित सदस्यों की घोषणा के बाद नवनियुक्त सदस्य ललित यादव ने पार्टी के शीर्ष नेतृत्व एवं प्रदेश नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त किया है। इस महत्वपूर्ण जिम्मेदारी को संगठन द्वारा कार्यकर्ताओं पर किए गए विश्वास का प्रतीक बताते हुए उन्होंने इसे अपने लिए गर्व और बड़ी जिम्मेदारी करार दिया। ललित यादव ने कहा कि शीर्ष नेतृत्व और प्रदेश नेतृत्व का आशीर्वाद, प्रेम एवं उन पर जताया गया विश्वास ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है। यही विश्वास उन्हें संगठन के लिए निरंतर समर्पित भाव से कार्य करने की प्रेरणा देता है। उन्होंने प्रदेश नेतृत्व का विशेष रूप से धन्यवाद करते हुए कहा कि विश्व के सबसे बड़े राजनीतिक संगठन भारतीय जनता पार्टी में भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश विशेष आमंत्रित सदस्य जैसे दायित्व का सौंपा जाना उनके लिए सम्मान के साथ-साथ बड़ी जिम्मेदारी भी है।
अपने वक्तव्य में ललित यादव ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी एक ऐसी संगठनात्मक पार्टी है, जहां एक सामान्य कार्यकर्ता को भी आगे बढऩे के समान अवसर मिलते हैं। यदि कार्यकर्ता निष्ठा, ईमानदारी और लगन से संगठन के लिए कार्य करता है तो पार्टी स्वयं उसे आगे बढ़ाने का मार्ग प्रशस्त करती है। उन्होंने कहा कि वे इस भरोसे पर खरा उतरने के लिए पूरी मेहनत और समर्पण के साथ कार्य करेंगे।।ललित यादव ने संगठन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि वे पार्टी की विचारधारा, नीतियों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने के लिए सक्रिय रूप से कार्य करेंगे तथा युवा शक्ति को संगठन से जोड़ते हुए भारतीय जनता पार्टी को और अधिक सशक्त बनाने में अपना योगदान देंगे। उल्लेखनीय है कि भाजपा छत्तीसगढ़ प्रदेश कार्यालय द्वारा जारी सूची में कई कार्यकर्ताओं को भाजयुमो प्रदेश विशेष आमंत्रित सदस्य के रूप में मनोनीत किया गया है, जिसमें ललित यादव का नाम भी शामिल है। इस नियुक्ति के बाद उनके समर्थकों, शुभचिंतकों एवं पार्टी कार्यकर्ताओं में हर्ष और उत्साह का माहौल है।


