‘स्वामी विवेकानंद का संदेश- समाज की सेवा ही सबसे बड़ा धर्म है’ : रामेश्वर साहू
स्वामी विवेकानंद जयंती; युवा दिवस के रूप में वैदिक महाविद्यालय सीपत में धूमधाम से मनाया गया

सीपत (हिमांशु गुप्ता)। वैदिक महाविद्यालय सीपत में सोमवार को स्वामी विवेकानंद की जयंती को युवा दिवस के रूप में धूमधाम से मनाया गया। इस विशेष अवसर पर दीप प्रज्वलन के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई। महाविद्यालय की उपसंचालिका श्रीमती मीना द्वारिकेश पांडेय ने स्वामी विवेकानंद के जीवन और उनके योगदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि स्वामी विवेकानंद ने हमें जीवन में उद्देश्य और संकल्प का महत्व बताया। युवाओं का कर्तव्य है कि वे समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझें और एक मजबूत राष्ट्र निर्माण में अपना योगदान दें।
राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी रामेश्वर साहू ने स्वयंसेवी कार्यों की अहमियत पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि स्वामी विवेकानंद का संदेश था कि समाज की सेवा ही सबसे बड़ा धर्म है, और हमें यह सीखने की जरूरत है कि कैसे हम समाज में सकारात्मक बदलाव ला सकते हैं। कार्यक्रम के दौरान सहायक प्राध्यापक हिमांशु गुप्ता ने स्वामी विवेकानंद के प्रेरणादायक विचारों का उल्लेख करते हुए विद्यार्थियों को आत्मनिर्भर बनने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि आज का युवा अपने भीतर अपार संभावनाएं समेटे हुए है, बस जरूरत है उन संभावनाओं को पहचानने और साकार करने की। इस मौके पर महाविद्यालय के सचिव अशोक श्रीवास, सहायक प्राध्यापक संत कुमार रात्रे, सुरेश बिंझवार, रुक्मिणी चौधरी, आकांक्षा भारती, विश्वप्रताप डोंगरे, रविशंकर यादव सहित अन्य प्राध्यापकगण और विद्यार्थियों ने इस कार्यक्रम में भाग लिया। कार्यक्रम का समापन विद्यार्थियों और शिक्षकों के उत्साहवर्धक संदेशों के साथ हुआ, जिनमें उन्होंने स्वामी विवेकानंद के आदर्शों को अपने जीवन में उतारने की प्रतिज्ञा ली। जिंदगी का उद्देश्य स्पष्ट करने के लिए स्वामी विवेकानंद की जयंती पर दिया गया संदेश।



