राजधानी

5वीं की परीक्षा 16 से व 8वीं की परीक्षा 17 मार्च से

परीक्षा का टाइम टेबल और गाइडलाइन जारी

रायपुर। छत्तीसगढ़ में कक्षा 5वीं और 8वीं की केंद्रीकृत वार्षिक परीक्षा 2026 को लेकर लोक शिक्षण संचालनालय ने विस्तृत दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं। इस बार परीक्षा को केवल औपचारिक प्रक्रिया नहीं माना जाएगा, बल्कि इसे प्रशासनिक सख्ती, तकनीकी निगरानी और स्पष्ट जवाबदेही के साथ आयोजित किया जाएगा।
परीक्षा के सुचारु संचालन के लिए प्रत्येक जिले में जिला शिक्षा अधिकारी की अध्यक्षता में जिला स्तरीय संचालन समिति गठित की गई है। समिति में डाइट प्राचार्य, सहायक संचालक, विकासखंड शिक्षा अधिकारी, संकुल समन्वयक, प्राचार्य और प्रधान पाठक शामिल होंगे। यह समिति परीक्षा संचालन, निगरानी और समन्वय की जिम्मेदारी निभाएगी। कक्षा 5वीं और 8वीं की केन्द्रीकृत परीक्षा के लिए राज्य के सभी शासकीय और अनुदान प्राप्त स्कूलों को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। सीबीएसई और आईसीएसई बोर्ड से संबद्ध स्कूल इस व्यवस्था में शामिल नहीं होंगे। संस्कृत और मदरसा बोर्ड के विषयों के लिए अलग व्यवस्था की गई है।
कक्षा 5वीं की परीक्षा 16 से 25 मार्च 2026 तक और कक्षा 8वीं की परीक्षा 17 मार्च से 6 अप्रैल 2026 तक आयोजित होगी। सभी परीक्षाएं सुबह 9 बजे से होंगी।

परीक्षा तिथियां
कक्षा 5वीं (9 से 11 बजे तक)
16 मार्च -गणित
19 मार्च- अंग्रेजी
23 मार्च -हिंदी
25 मार्च-पर्यावरण

कक्षा 8वीं (9 से 12 बजे तक)
17 मार्च-गणित
20 मार्च-हिंदी
24 मार्च-अंग्रेजी
30 मार्च -सामाजिक विज्ञान
2 अप्रैल- विज्ञान
6 अप्रैल- संस्कृत/उर्दू

उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन 15 अप्रैल तक पूरा होगा। 30 अप्रैल 2026 को राज्य स्तर पर एक साथ परिणाम घोषित किए जाएंगे। अनुत्तीर्ण विद्यार्थियों को 1 जून 2026 से पूरक परीक्षा का अवसर मिलेगा। पूरक में असफल होने पर भी कक्षा उन्नति का लाभ दिया जाएगा।

Related Articles

Back to top button