छत्तीसगढ़

ग्राम मुड़पार में श्रीराम प्राण-प्रतिष्ठा पर भव्य कलश यात्रा, मौवारपारा में 24 घंटे रामायण पाठ का आयोजन

श्रद्धा, भक्ति और एकजुटता का अद्भुत संगम: वीरेंद्र शर्मा

सरपंच दिलीप ने कहा -मुड़पार सदैव धार्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक गतिविधियों में अग्रणी

सीपत (हिमांशु गुप्ता)। ग्राम मुड़पार में गुरुवार को भगवान श्रीराम के प्राण-प्रतिष्ठा के पावन अवसर पर श्रद्धा और भक्ति से ओतप्रोत भव्य कलश यात्रा का आयोजन किया गया। प्रात: काल से ही गांव का माहौल राममय हो गया। पारंपरिक वेशभूषा में सजी-धजी महिलाओं ने सिर पर कलश धारण कर अनुशासित कतार में कलश यात्रा में भाग लिया। ढोल-नगाड़ों, जय श्रीराम के उद्घोष और भक्तिमय वातावरण के बीच निकली यह यात्रा पूरे ग्राम में आस्था का केंद्र बनी रही। इसी क्रम में मौवारपारा में 24 घंटे का अखंड रामायण पाठ आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता कर पुण्य लाभ अर्जित किया। आयोजन स्थल पर निरंतर रामचरितमानस का पाठ होता रहा, जिससे आसपास का क्षेत्र भक्तिरस में डूबा रहा।


कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित कांग्रेस नेता वीरेंद्र शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि भगवान श्रीराम का जीवन सत्य, मर्यादा, त्याग और कर्तव्य का प्रतीक है। उनके आदर्श आज भी समाज को दिशा देने का कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन समाज में आपसी भाईचारे, सद्भाव और संस्कारों को मजबूत करते हैं। वहीं ग्राम सरपंच दिलीप कुमार मन्नेवार ने कहा कि ग्रामवासियों की एकजुटता और सहयोग से ही ऐसे भव्य आयोजन संभव हो पाते हैं। उन्होंने सभी ग्रामवासियों को इस सफल आयोजन के लिए बधाई दी और कहा कि ग्राम मुड़पार सदैव धार्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक गतिविधियों में अग्रणी रहा है।
आयोजन के आचार्य पंडित श्री चंद्रिका तिवारी ने विधिविधान से पूजन-अर्चन एवं प्राण-प्रतिष्ठा संपन्न कराई। उनके मार्गदर्शन में समस्त धार्मिक अनुष्ठान श्रद्धा एवं शास्त्रोक्त विधि से पूर्ण हुए। आयोजन को सफल बनाने में सरपंच दिलीप कुमार मन्नेवार, राम मन्नेवार, मनबोध गोपी सिदार, लोमश पटेल, मुकेश, लक्ष्मण, टीकम, उत्तम, सुखराम, सूरज, सुरेश मन्नेवार, दिनेश मन्नेवार, बाबूलाल पटेल, शिवनारायण, मथुरेश, नरेश केवट, राहुल यादव, कंगलु, सुनील, बालू मन्नेवार सहित समस्त ग्रामवासियों का विशेष योगदान रहा। कार्यक्रम के समापन पर प्रसाद वितरण किया गया। पूरे आयोजन ने ग्राम मुड़पार एवं मौवारपारा में धार्मिक चेतना और सामाजिक समरसता का सशक्त संदेश दिया।

Related Articles

Back to top button