छत्तीसगढ़

राम मंदिर स्थापना दिवस पर सीपत में भक्ति और उत्साह का सैलाब, बस स्टैंड प्रभातफेरी समूह ने निकाला भव्य जुलूस

नर्मदेश्वर महादेव मंदिर बस स्टैंड से हुई शुरुआत, जय श्रीराम के उद्घोष से गूंजा नगर

सीपत (हिमांशु गुप्ता)। राम मंदिर स्थापना दिवस के पावन अवसर पर बस स्टैण्ड प्रभात फेरी समूह सीपत के तत्वावधान में गुरुवार की सुबह भक्ति, आस्था और उत्साह से ओत-प्रोत भव्य जुलूस निकाला गया। इस आयोजन ने पूरे क्षेत्र में धार्मिक उल्लास का वातावरण बना दिया। जुलूस की शुरुआत नर्मदेश्वर महादेव मंदिर बस स्टैंड से हुई, जहां श्रद्धालुओं ने विधिवत पूजा-अर्चना कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। प्रभात फेरी के दौरान रामभक्तों ने हाथों में भगवा ध्वज और भगवान श्रीराम की जयघोष लिखी तख्तियां लेकर नगर भ्रमण किया। ‘जय श्रीराम’, ‘राम लला हम आए हैं’ जैसे गगनभेदी नारों से पूरा क्षेत्र राममय हो उठा। ढोल-नगाड़ों और भजन-कीर्तन के साथ निकले जुलूस ने आमजन को भी भावविभोर कर दिया।
जुलूस बस स्टैंड क्षेत्र से होते हुए प्रमुख मार्गों से गुजरा, जहां जगह-जगह स्थानीय नागरिकों ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। प्रभात फेरी समूह के सदस्यों ने राम मंदिर स्थापना के ऐतिहासिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए सामाजिक समरसता, संस्कार और राष्ट्रभक्ति का संदेश दिया। वक्ताओं ने कहा कि राम मंदिर केवल आस्था का प्रतीक नहीं, बल्कि सांस्कृतिक एकता और राष्ट्रीय गौरव का प्रतीक है। इस अवसर पर बड़ी संख्या में युवा, बच्चे और वरिष्ठजन शामिल हुए। आयोजन शांतिपूर्ण, अनुशासित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम के अंत में सभी श्रद्धालुओं ने राष्ट्र और समाज की सुख-समृद्धि की कामना करते हुए सामूहिक प्रार्थना की। राम मंदिर स्थापना दिवस पर निकाला गया यह प्रभात जुलूस सीपत क्षेत्र के लिए आस्था, एकता और सांस्कृतिक चेतना का जीवंत उदाहरण बन गया, जिसे लोगों ने लंबे समय तक याद रखने योग्य आयोजन बताया।

Related Articles

Back to top button