छत्तीसगढ़

योग्यता और मेहनत से ही खिलाड़ी बनता है चैंपियन : मेलाराम

सीपत क्रिकेट प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ, इनामों की झड़ी ने बढ़ाया खिलाडिय़ों का उत्साह

सीपत (हिमांशु गुप्ता)। सीपत क्रिकेट क्लब के तत्वावधान में आयोजित भव्य क्रिकेट प्रतियोगिता का शुभारंभ 22 जनवरी से सीपत महाविद्यालय मैदान में शानदार माहौल के बीच किया गया। प्रतियोगिता के उद्घाटन अवसर पर मुख्य अतिथि मेलाराम साहू, प्रदेश अध्यक्ष व्यापार संघ ने फीता काटकर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। उद्घाटन मैच के साथ ही मैदान तालियों और जोश से गूंज उठा।

दृढ़ इच्छाशक्ति और निरंतर मेहनत से हार भी जीत में बदल जाती है : मेलाराम साहू

उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि मेलाराम साहू ने कहा कि खिलाड़ी मैदान में अपनी योग्यता और मेहनत से आगे बढ़े। दृढ़ इच्छाशक्ति और निरंतर प्रयास से हार को भी जीत में बदला जा सकता है। खेल न केवल शरीर को मजबूत बनाता है, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास और नेतृत्व भी सिखाता है। उनके प्रेरणादायक शब्दों ने खिलाडिय़ों में नया उत्साह भर दिया।

खेल अनुशासन और नेतृत्व की पाठशाला है, ग्रामीण प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने का सशक्त मंच : सुनील निर्मलकर

सुनील आईएएस एकेडमी के संचालक सुनील निर्मलकर ने कहा कि खेल युवाओं को अनुशासन, टीमवर्क और नेतृत्व की सीख देता है। ऐसी प्रतियोगिताएं ग्रामीण प्रतिभाओं को आगे बढऩे का बड़ा मंच प्रदान करती हैं।

युवाओं की ऊर्जा को सकारात्मक दिशा देने में खेल सबसे मजबूत माध्यम, सुरक्षा और व्यवस्था हमारी प्राथमिकता : राजेश मिश्रा

सीपत थाना प्रभारी राजेश मिश्रा ने कहा कि खेल आयोजन से युवाओं की ऊर्जा सकारात्मक दिशा में लगती है। शांति, सुरक्षा और अनुशासन बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है, ताकि खिलाड़ी बेफिक्र होकर अपना श्रेष्ठ प्रदर्शन कर सकें।

इस प्रतियोगिता में पहले पंजीकरण कराने वाली 32 टीमों को ही प्रवेश दिया गया है। प्रतियोगिता का आयोजन बेहद आकर्षक पुरस्कारों के साथ किया गया है, जिससे खिलाडिय़ों में जबरदस्त प्रतिस्पर्धा देखने को मिल रही है। इनामों की झड़ी ने बढ़ाया रोमांच प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार 31,000 नगद एवं ट्रॉफी मेलाराम साहू, प्रदेश अध्यक्ष व्यापार संघ द्वारा , द्वितीय पुरस्कार 16,000 नगद एवं ट्रॉफी सुनील निर्मलकर संचालक सुनील आईएएस एकेडमी के द्वारा , तृतीय पुरस्कार 10,000 नगद एवं ट्रॉफी राकेश लैहर्षण व चतुर्थ पुरस्कार 6,000 नगद एवं ट्रॉफी ऊषा कौशिक की स्मृति में संदीप कौशिक द्वारा प्रदान किया जाएगा। इसके साथ ही मैन ऑफ द सीरीज रेंजर साइकिल एवं ट्रॉफी सुनील सिंह गोपाल लार्ज , फाइनल मैन ऑफ द मैच 1101 नगद सलीम विरानी, अध्यक्ष इंटक यूनियन एनटीपीसी सीपत द्वारा दिया जाएगा। प्रत्येक मैच में हैट्रिक विकेट, छक्का, चौका, शतक एवं अर्धशतक लगाने वाले खिलाडिय़ों के लिए भी विशेष पुरस्कार रखे गए हैं, जिससे हर मैच में रोमांच चरम पर रहेगा। सामान्य मैच 8 ओवर फाइनल मुकाबला 10 ओवर का रहेगा।आयोजन समिति के सदस्य आकाश जायसवाल एवं टील्ली वर्मा ने बताया कि प्रतियोगिता को सुव्यवस्थित और यादगार बनाने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। उन्होंने खिलाडिय़ों और दर्शकों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर प्रतियोगिता को सफल बनाने की अपील की। सीपत में शुरू हुई यह क्रिकेट प्रतियोगिता न केवल खेल भावना को बढ़ावा दे रही है, बल्कि युवाओं को प्रतिभा दिखाने का बड़ा मंच भी प्रदान कर रही है।

Related Articles

Back to top button