छत्तीसगढ़

शहीद विनोद के बलिदान दिवस पर क्षेत्र के चार शहीद परिवार हुए सम्मानित

शहीदों का बलिदान हमें सेवा और राष्ट्रभक्ति की दिखाता है राह : दिलेंद्र कौंशिल

सीपत (हिमांशु गुप्ता)। देश की रक्षा में कर्तव्यपथ पर सर्वोच्च बलिदान देने वाले अमर शहीद विनोद कौशिक के शहादत दिवस पर शनिवार 24 जनवरी को शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, सीपत में भव्य स्वैच्छिक रक्तदान एवं स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। यह आयोजन शहादत को सच्ची श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ-साथ सेवा, मानवता, जागरूकता और राष्ट्रभक्ति का सशक्त संदेश बनकर उभरा।


इस अवसर पर सीपत अंचल के चार वीर सपूतों सीपत के शहीद विनोद कौशिक, सोंठी पिपरानार के शहीद धनीराम ठाकुर, कुकदा के शहीद किरीत पटेल एवं नरगोड़ा के शहीद वीरेंद्र कैवर्त को श्रद्धापूर्वक नमन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सीआईएसएफ डिप्टी कमांडेंट (एनटीपीसी सीपत) कपिल सुधाकर कामडी उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में शहीद विनोद कौशिक के पिता उमाशंकर कौशिक, नरगोड़ा से घासीराम कैवर्त, पिपरानार से श्रीमती रत्नाबाई ठाकुर एवं कुकदा से रामायण पटेल की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम की अध्यक्षता थाना प्रभारी राजेश मिश्रा ने की। सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक चले इस शिविर में 61 युवाओं ने स्वैच्छिक रक्तदान किया, वहीं 140 से अधिक नागरिकों ने नि:शुल्क स्वास्थ्य परीक्षण, ब्लड ग्रुप एवं हीमोग्लोबिन जांच का लाभ लिया। आयोजन के दौरान यातायात जन जागरूकता अभियान चलाया गया तथा पात्र नागरिकों को नि:शुल्क दोपहिया लर्निंग लाइसेंस/हेलमेट प्रदान कर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही भूतपूर्व सैनिकों का सम्मान भी किया गया। सभी रक्तदाताओं को प्रशंसा पत्र प्रदान किए गए। आयोजकों ने कहा कि रणभूमि में देश के लिए रक्त बहाना और संकट में जरूरतमंद को रक्त देना—दोनों ही राष्ट्रसेवा के सर्वोच्च रूप हैं। इसी भावना के साथ क्षेत्रवासियों ने बढ़-चढक़र सहभागिता निभाई।
वरिष्ठ भाजपा नेता दिलेंद्र कौंशिल ने कहा कि शहीदों का बलिदान हमें सेवा और समर्पण की राह दिखाता है। रक्तदान जैसे आयोजनों से समाज में सकारात्मक ऊर्जा और राष्ट्रप्रेम सुदृढ़ होता है। भाजपा मंडल अध्यक्ष मंडल दीपक शर्मा ने कहा कि यह आयोजन केवल कार्यक्रम नहीं, बल्कि युवाओं को देशसेवा से जोडऩे का सशक्त माध्यम है। शहीदों के सपनों को साकार करने की यही सच्ची श्रद्धांजलि है। इंडियन आर्मी मिथलेश कश्यप ने कहा कि शहादत का सम्मान तभी सार्थक है, जब हम सेवा, अनुशासन और सुरक्षा के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाएं। रक्तदान जैसे प्रयास समाज को मजबूत बनाते हैं। समापन अवसर पर इंडियन आर्मी के जवान मिथलेश कश्यप ने कार्यक्रम के उद्देश्य पर प्रकाश डाला।
इस अवसर पर भाजपा नेता दिलेंद्र कौशल , जिला पंचायत सभापति प्रतिनिधि चंद्रप्रकाश सूर्या , सीपत भाजपा मंडल अध्यक्ष दीपक शर्मा, सभापति जनपद पंचायत मस्तूरी मनोज खरे, सरपंच मनीषा योगेश वंशकार, राज्यवर्धन कौशिक, संतोष भोई, मोहन कश्यप, अजय यादव, बांके बिहारी गुप्ता, शांता कौशिक, सुनील निर्मलकर, रणजीत यादव, चक्रधर कौशिक, शिवपूजन यादव, दीपक यादव, प्रद्युम्न कौशिक, छत्रपाल कौशिक, रमाकांत गौरहा, रुद्रशरण कौशिक, नीलेश कौशिक सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि व गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन गजेंद्र यादव ने किया।

Related Articles

Back to top button