
मुंबई। ओडिया फिल्म इंडस्ट्री के जाने-माने म्यूजिक डायरेक्टर और कंपोजर अभिजीत मजूमदार का रविवार को निधन हो गया। वह 54 वर्ष के थे और लंबे समय से गंभीर बीमारियों से जूझ रहे थे। उनके निधन की खबर से ओडिशा के संगीत और फिल्म जगत में शोक की लहर दौड़ गई है।
अभिजीत मजूमदार का इलाज पिछले कई महीनों से एम्स भुवनेश्वर में चल रहा था। शनिवार देर रात उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें लाइफ सपोर्ट पर रखा गया। डॉक्टरों के मुताबिक, वह हाइपरटेंशन, हाइपोथायरायडिज्म और क्रॉनिक लिवर डिजीज जैसी गंभीर समस्याओं से पीडि़त थे। तमाम प्रयासों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका।
उनके निधन पर कई कलाकारों, गायकों और फिल्म निर्देशकों ने सोशल मीडिया के माध्यम से श्रद्धांजलि दी। बीजद के प्रवक्ता लेनिन मोहंती ने एक्स पर लिखा कि अभिजीत मजूमदार का जाना केवल ओडिशा ही नहीं, बल्कि पूरे संगीत जगत के लिए अपूरणीय क्षति है।



