
नई दिल्ली। संसद के बजट सत्र के दौरान बुधवार को लोकसभा में उस समय भारी हंगामा देखने को मिला, जब केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल भारत-अमेरिका व्यापार समझौते पर अपना वक्तव्य दे रहे थे। मंत्री के भाषण के दौरान विपक्षी सांसदों ने जोरदार नारेबाजी की, टेबल पीटे और कई सांसद वेल में आ गए, जिससे सदन की कार्यवाही बाधित हो गई।
विपक्ष के हंगामे को देखते हुए लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कड़ी नाराजगी जाहिर की और कहा कि विपक्षी सांसद सदन की मर्यादा तोड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि विरोध का तरीका भी गरिमापूर्ण होना चाहिए और लोकतांत्रिक संस्थाओं की गरिमा बनाए रखना सभी सदस्यों की जिम्मेदारी है।
पीयूष गोयल के वक्तव्य के दौरान विपक्षी सांसदों ने राहुल गांधी को बोलने देने की मांग को लेकर नारेबाजी की और पोस्टर लहराए। इस पर स्पीकर ने वरिष्ठ विपक्षी नेताओं को संबोधित करते हुए कहा कि यह आचरण उन्हें शोभा नहीं देता। उन्होंने कहा कि शासन को हंगामे के जरिए झुकाया नहीं जा सकता और असहमति तर्कों व संवाद के जरिए व्यक्त की जानी चाहिए।



