छत्तीसगढ़

मजबूत प्रबंधन और शिक्षण गुणवत्ता से बदलेगी स्कूलों की तस्वीर , संगठित प्रयासों से मस्तूरी शिक्षा को देंगे नई दिशा और पहचान: बीईओ टंडन

विकासखंड स्तरीय समीक्षा बैठक में 20 बिंदुओं पर गहन मंथन, शिक्षा गुणवत्ता सुधार पर विशेष जोर

सीपत (हिमांशु गुप्ता)।जिला शिक्षा अधिकारी बिलासपुर विजय टांडे के निर्देशानुसार गुरुवार को सेजेस मस्तूरी में विकासखंड स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विकासखंड मस्तूरी के 46 प्राचार्य और 43 संकुल शैक्षिक समन्वयक उपस्थित रहे। बैठक की अध्यक्षता विकासखंड शिक्षा अधिकारी मस्तूरी शिवराम टंडन ने की। उन्होंने विभागीय एजेंडा के करीब 20 महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से समीक्षा करते हुए शैक्षणिक गुणवत्ता, प्रशासनिक दक्षता और डिजिटल कार्यप्रणाली को मजबूत करने पर विशेष बल दिया। बैठक में अपार आईडी निर्माण, आधार अपडेट, बायोमेट्रिक शिविर, जाति-निवास-आय प्रमाण पत्र, कक्षा 5वीं, 8वीं, 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी, उपचारात्मक शिक्षण, मेंटॉर टीचर्स की भूमिका, वीएसके ऐप पंजीयन, शिक्षक विद्यार्थी उपस्थिति, परीक्षा पे चर्चा आयोजन, उल्लास कार्यक्रम, छात्रवृत्ति एंट्री, दर्पण पोर्टल अपडेट, ग्रेडेशन लिस्ट दावा-आपत्ति, विद्यालय संकुल अनुदान उपयोग, समायोजित विद्यालयों की मैपिंग सहित अनेक विषयों पर बिंदुवार निर्देश दिए गए। साथ ही फाइलेरिया मुक्ति दिवस, महिला खेलकूद प्रतियोगिता, बोर्ड परीक्षा नामांकन सत्यापन, कामगार पंजीयन जैसे प्रशासनिक एवं सामाजिक सरोकार वाले विषयों पर भी चर्चा की गई। बैठक के अंत में नवपदस्थ हाई एवं हायर सेकंडरी स्कूल प्राचार्यों का बुके भेंट कर स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। इस दौरान रामेश्वर प्रसाद गुप्ता प्राचार्य ओखर , मनोज सनाढ्य प्राचार्य भटचौरा ,प्रशांत कोंनहरे प्राचार्य जोन्धरा , श्रीमती शशिकरण किंडो प्राचार्य खम्हरिया ने भी एजेंडा बिंदुओं पर अपने विचार रखे।

टीम वर्क से ही बनेगा मस्तूरी शिक्षा मॉडल , हर शिक्षक बनेगा बदलाव का साथी: बीईओ टंडन

मस्तूरी बीईओ शिवराम टंडन ने कहा कि मस्तूरी विकासखंड में शिक्षा की गुणवत्ता सुधार हमारा सर्वोच्च लक्ष्य है। टीम वर्क, नियमित मॉनिटरिंग और सतत मार्गदर्शन से हम निश्चित ही अपने विद्यालयों को नई ऊँचाइयों तक ले जाएंगे। हर शिक्षक और समन्वयक की भूमिका महत्वपूर्ण है — सामूहिक प्रयास ही विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कुंजी है।

मजबूत आधारभूत ढांचा और प्रशिक्षित शिक्षक ही दिलाएंगे बेहतर परिणाम: बीआरसी सूरज

विकासखंड स्त्रोत समन्वयक सूरज कुमार क्षत्री ने कहा कि विद्यालयों में चल रहे मरम्मत एवं निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, समयसीमा और पारदर्शिता सुनिश्चित करना हमारी प्राथमिकता है। साथ ही शिक्षकों के प्रशिक्षण, संसाधनों के प्रभावी उपयोग और शैक्षणिक वातावरण को बेहतर बनाने की दिशा में लगातार काम किया जा रहा है। हमारा लक्ष्य है कि हर विद्यालय संसाधन और परिणाम — दोनों में मजबूत बने।

Related Articles

Back to top button