लोकसभा स्पीकर के खिलाफ विपक्ष का अविश्वास नोटिस, राहुल गांधी ने नहीं किए हस्ताक्षर

नई दिल्ली। विपक्षी दलों ने संयुक्त रूप से लोकसभा स्पीकर ओम बिरला के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव का नोटिस लोकसभा सचिवालय को सौंपा है। हालांकि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने ही इस पर हस्ताक्षर नहीं किए हैं। संविधान के अनुच्छेद 94(सी) के तहत लाए गए इस प्रस्ताव ने सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच टकराव को और तेज कर दिया है।
इस राजनीतिक घटनाक्रम में सबसे ज्यादा चर्चा नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के हस्ताक्षर न होने को लेकर है। जहां कांग्रेस समेत कई विपक्षी दल स्पीकर पर पक्षपात का आरोप लगा रहे हैं, वहीं राहुल गांधी के साइन न होने से कई सवाल खड़े हो रहे हैं। इसके साथ ही तृणमूल कांग्रेस के सांसदों ने भी नोटिस पर हस्ताक्षर नहीं किए हैं, जिससे विपक्षी एकजुटता की तस्वीर कमजोर नजर आ रही है। हालांकि कांग्रेस सांसद मोहम्मद जावेद ने कहा कि यह प्रस्ताव संख्या बल के लिए नहीं, बल्कि ‘लोकतंत्र बचाने का संदेश’ देने के लिए है। वहीं कांग्रेस के सूत्रों ने कहा कि स्पीकर को पद से हटाने के नोटिस पर नेता प्रतिपक्ष का हस्ताक्षर करना संसदीय लोकतंत्र में सही नहीं है। इसी वजह से राहुल गांधी ने नोटिस पर हस्ताक्षर नहीं करने का फैसला किया।



