
अलवर। राजस्थान में अलवर जिले के भिवाड़ी खुशखेड़ा औद्योगिक क्षेत्र में सोमवार सुबह एक फैक्टरी में तेज धमाकों के बाद भीषण आग लग गई। आग ने प्लॉट नंबर जी-1, 118 स्थित परिसर को पूरी तरह अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में 7 लोगों की जिंदा जलने से मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल बताए जा रहे हैं। घटना के बाद आसपास की फैक्ट्रियों में अफरा-तफरी मच गई और मजदूर बाहर निकल आए।
दमकल इंचार्ज राजू खान के अनुसार फैक्टरी कई महीनों से बंद थी, लेकिन भीतर बड़ी मात्रा में गत्ते का स्टॉक रखा हुआ था। सुबह करीब 10 बजे धुआं उठता दिखा और कुछ ही मिनटों में आग विकराल हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों ने 3-4 जोरदार धमाकों की आवाज सुनने की बात कही। प्राथमिक आशंका है कि अंदर रखे गैस सिलेंडर फटने से धमाके हुए। भिवाड़ी, तिजारा, धारूहेड़ा और रेवाड़ी से दमकल की आधा दर्जन से अधिक गाडिय़ां मौके पर पहुंचीं। गत्ता तेजी से जलने के कारण आग पर काबू पाने में घंटों मशक्कत करनी पड़ी। एहतियातन आसपास की इकाइयों को खाली कराया गया और बिजली आपूर्ति अस्थायी रूप से बंद कर दी गई। पुलिस और प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। शुरुआती अनुमान के मुताबिक लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।



