देश / विदेश

16 मार्च को 10 राज्यों में राज्यसभा की 37 सीटों के लिए चुनाव की घोषणा

नई दिल्ली। भारतीय निर्वाचन आयोग (ईसीआई) ने बुधवार को 10 राज्यों में राज्यसभा की 37 सीटों के लिए चुनाव तारीखों की घोषणा कर दी है। राज्यसभा के 37 सदस्यों का कार्यकाल अप्रैल 2026 में खत्म होने वाला है। ईसीआई के अनुसार, 37 सीटों के लिए 16 मार्च को चुनाव होगा। सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे के बीच मतदान किया जाएगा और उसी दिन शाम 5 बजे मतगणना शुरू होगी।
चुनावों के लिए नोटिफिकेशन 26 फरवरी को जारी किया जाएगा। नामांकन दाखिल करने की आखिरी तारीख 5 मार्च तय की गई है, जबकि नामांकन पत्रों की जांच 6 मार्च को होगी। उम्मीदवार 9 मार्च तक अपना नामांकन पत्र वापस ले सकते हैं।
जिन राज्यों में राज्यसभा चुनाव होना है, उनमें महाराष्ट्र, ओडिशा, तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल, असम, बिहार, छत्तीसगढ़, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश और तेलंगाना शामिल हैं। महाराष्ट्र की 7 सीटें, तमिलनाडु की 6, पश्चिम बंगाल और बिहार की 5-5, ओडिशा की 4, असम की 3, छत्तीसगढ़, हरियाणा और तेलंगाना की 2-2, जबकि हिमाचल प्रदेश की एक सीट के लिए यह चुनाव कराया जाएगा।

Related Articles

Back to top button