चेन्नई एयरपोर्ट पर हडक़ंप: चलती फ्लाइट से कूदा यात्री, बड़ा हादसा टला

चेन्नई। रविवार तडक़े चेन्नई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा पर उस समय अफरातफरी मच गई, जब एक यात्री ने चलती फ्लाइट का इमरजेंसी दरवाजा खोलकर अचानक छलांग लगा दी। एअर अरेबिया की शारजाह से चेन्नई पहुंची इस फ्लाइट में कुल 231 यात्री सवार थे। घटना के बाद विमान में सवार यात्रियों के बीच दहशत फैल गई, हालांकि समय रहते सुरक्षाबलों की तत्परता से एक बड़ा हादसा टल गया।
घटना उस वक्त हुई जब विमान लैंडिंग के बाद मुख्य रनवे से हटकर टैक्सीवे पर धीमी गति से आगे बढ़ रहा था। इसी दौरान 34 वर्षीय एक यात्री ने अचानक इमरजेंसी गेट खोल दिया और नीचे कूद गया। इस अप्रत्याशित घटना से विमान के अंदर हडक़ंप मच गया। पायलट ने तत्काल इमरजेंसी ब्रेक लगाकर विमान को रोका और ग्राउंड सुरक्षा एजेंसियों को सूचना दी।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यात्रा के दौरान यात्री की तबीयत खराब हो गई थी। उसे घबराहट और उल्टी की शिकायत थी, और बताया जा रहा है कि उसने छलांग लगाने से पहले फ्लाइट के अंदर दो बार उल्टी भी की थी। अधिकारियों का मानना है कि अत्यधिक बेचैनी के चलते उसने यह खतरनाक कदम उठाया।
सूचना मिलते ही केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल के जवान मौके पर पहुंचे और यात्री को तुरंत हिरासत में ले लिया। एहतियातन बम निरोधक दस्ता भी मौके पर पहुंचा। पायलट की शिकायत के आधार पर यात्री को आगे की जांच के लिए पुलिस को सौंप दिया गया है।



