मोदी ने सबसे लंबे समय तक निर्वाचित प्रधानमंत्री बने रहने का रिकॉर्ड बनाया

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को नया रिकॉर्ड बनाया है। वे निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में देश की सबसे लंबे समय तक सेवा करने वाले नेता बन गए हैं। उन्होंने मई, 2014 से जून, 2026 तक कुल 4,399 दिनों तक प्रधानमंत्री के पद पर रहने का रिकॉर्ड बनाया है और भारत के प्रथम प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू द्वारा स्थापित रिकॉर्ड को पीछे छोड़ा है।
मोदी ने निर्वाचित प्रधानमंत्री (आम चुनाव में जीते हुए) बने रहने का रिकॉर्ड बनाया है। वे मई, 2014 में चुनाव जीतने के बाद प्रधानमंत्री बने थे। इसके विपरीत, नेहरू ने अगस्त, 1947 से मई, 1964 तक कुल 16 साल 286 दिन प्रधानमंत्री पद पर सेवा की, लेकिन निर्वाचित प्रधानमंत्री के तौर पर उनका कार्यकाल 4,398 दिन का रहा। वे 1952 में आम चुनाव जीतने के बाद निर्वाचित प्रधानमंत्री बने थे। इससे पहले उन्होंने अस्थायी सरकार (बिना चुनाव वाली) चलाई थी। एनडीए की ओर से सम्मान कार्यक्रम दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित किया जाएगा, जिसमें एनडीए शासित सभी 22 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री और वरिष्ठ नेता शामिल होंगे। मोदी इस सम्मेलन की अध्यक्षता करेंगे। इस दौरान रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा अध्यक्ष नितिन नबीन और अन्य वरिष्ठ नेता भी शामिल होंगे।
एनडीए की ओर से इस मौके पर बधाई देने वाला प्रस्ताव पारित किया जा सकता है। एनडीए की बैठक में सरकरा के भविष्य का रोडमैप पेश किया जाएगा और एजेंडा पर विचार-विमर्श होगा।



