छत्तीसगढ़

नाबालिग से दुष्कर्म करने वाला युवक गिरफ्तार, सीपत पुलिस की त्वरित कार्रवाई से दबोचा गया आरोपी

पहले भी जा चुका है जेल, फरार आरोपी पर था स्थायी वारंट, टीआई राजेश मिश्रा की टीम ने की कमाल की कार्रवाई

सीपत (हिमांशु गुप्ता)। थाना सीपत पुलिस ने नाबालिग पीडि़ता के साथ दुष्कर्म करने वाले फरार आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। गिरफ्तार आरोपी सूरज कुमार सूर्यवंशी पिता स्व. बलदाऊ प्रसाद सूर्यवंशी उम्र 23 वर्ष निवासी ग्राम मटियारी, सूर्यवंशी मोहल्ला, थाना सीपत बताया गया है। मामला दिनांक 07 अक्टूबर 2025 का है, जब नाबालिग पीडि़ता ने आरोपी सूरज सूर्यवंशी के खिलाफ थाना सीपत में जबरन शारीरिक शोषण करने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने तत्काल अपराध दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की, लेकिन आरोपी घटना के बाद से फरार हो गया था। सीपत पुलिस लगातार उसकी तलाश में जुटी थी। इस बीच मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी अपने गृह ग्राम मटियारी में छिपा हुआ है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी राजेश मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 07 नवंबर 2025 को दबिश दी और आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी सूरज सूर्यवंशी के खिलाफ पूर्व में भी नाबालिग से दुष्कर्म का एक और मामला दर्ज है। वह उस प्रकरण में जेल जा चुका था और जमानत पर छूटने के बाद दोबारा फरार हो गया था। इस पर न्यायालय द्वारा स्थायी वारंट जारी किया गया था।

टीआई राजेश मिश्रा बोले — ‘नाबालिग के साथ अपराध करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा’
थाना प्रभारी राजेश मिश्रा ने बताया कि आरोपी के खिलाफ पूर्व से ही दुष्कर्म के गंभीर मामले दर्ज हैं। पुलिस टीम ने निरंतर प्रयास करते हुए उसे गिरफ्तार किया है। उन्होंने कहा कि नाबालिग के साथ किसी भी प्रकार की ज्यादती समाज के लिए कलंक है। ऐसे अपराधियों को किसी भी स्थिति में छोड़ा नहीं जाएगा। सीपत पुलिस की प्राथमिकता महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा है।

Related Articles

Back to top button