जहाँ नारी का सम्मान, वहाँ विकास और संस्कार अपने आप आते हैं: टीआई मिश्रा
बिटकुला में नशामुक्ति जनजागरूकता अभियान और नारीशक्ति सम्मान समारोह संपन्न

सीपत (हिमांशु गुप्ता)। ग्राम बिटकुला के सरस्वती शिशु मंदिर प्रांगण में शनिवार को नशामुक्ति जनजागरूकता अभियान एवं नारी शक्ति सम्मान समारोह 2025 का भव्य आयोजन हुआ। कार्यक्रम का माहौल ऊर्जा, संस्कार और प्रेरणा से भरा रहा। महिलाओं, छात्राओं और जनप्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी ने इसे एक सामाजिक आंदोलन का रूप दे दिया।
‘नशा व्यक्ति ही नहीं, समाज का भी शत्रु है’ — टीआई राजेश मिश्रा
मुख्य अतिथि सीपत थाना प्रभारी राजेश मिश्रा ने अपने जोशीले और भावनात्मक संबोधन में कहा कि नशा व्यक्ति की सोच, परिवार की शांति और समाज की दिशा तीनों को नष्ट कर देता है। जो नशे से मुक्त है, वही वास्तव में स्वतंत्र है। नशे से दूर रहना सिर्फ अपनी सेहत की नहीं, बल्कि देश की सुरक्षा की जिम्मेदारी भी है। उन्होंने कहा कि आने वाला भारत वही होगा जो संयम, संस्कार और सेवा की राह पर चलेगा। महिलाओं को समाज की असली शक्ति बताते हुए कहा कि जहाँ नारी का सम्मान होता है, वहाँ विकास और संस्कार अपने आप आते हैं। नारी सिर्फ घर नहीं, पूरी पीढ़ी गढ़ती है। टीआई मिश्रा ने सभी ग्रामीणों से ‘नशामुक्त बिटकुला, स्वच्छ बिटकुला’ का संकल्प लेने की अपील की और कहा कि पुलिस और समाज एक साथ चलें, तो नशे जैसी बुराई को जड़ से मिटाया जा सकता है। उनके वक्तव्य पर उपस्थित लोग तालियों की गडग़ड़ाहट से बार-बार परिसर गूंजते रहे।
‘नशामुक्त समाज ही सच्चे विकास की पहचान’ — सरपंच प्रतिनिधि बुधवारा बाई गंधर्व
कार्यक्रम की अध्यक्षता सरपंच प्रतिनिधि श्रीमती बुधवारा बाई गंधर्व ने की। उन्होंने कहा कि जब हर घर से नशा मिटेगा, तभी गाँव में खुशहाली और नई पीढ़ी में उजाला आएगा। नशामुक्त समाज ही सच्चे विकास की पहचान है। उन्होंने महिलाओं से समाज के नैतिक नेतृत्व की भूमिका निभाने का आह्वान करते हुए कहा कि हर माँ, हर बहन यदि यह ठान ले कि परिवार में नशे की कोई जगह नहीं होगी, तो पूरा समाज स्वस्थ और सशक्त बन जाएगा।
जनप्रतिनिधियों ने भी दिया समर्थन
कार्यक्रम में जनपद सदस्य श्रीमती अंकिता पांडेय, मितानिन ब्लॉक समन्वयक हीरालाल यादव, प्रधानपाठिका श्रीमती सरिता पाटनवार, उपसरपंच कोशल पाटनवार, जनप्रतिनिधि बुटन पाटनवार और पंचगण की गरिमामयी उपस्थिति रही। सभी ने अपने वक्तव्यों में एक स्वर में कहा कि समाज से नशे को मिटाना अब समय की सबसे बड़ी जरूरत है।
नारीशक्ति सम्मान 2025 से दमक उठीं बेटियाँ और महिलाएँ
समारोह में शिक्षा, स्वच्छता, महिला सशक्तिकरण, सामाजिक सेवा और ग्राम विकास में उल्लेखनीय योगदान देने वाली महिलाओं को नारीशक्ति सम्मान 2025 से सम्मानित किया गया। सम्मानित महिलाओं के चेहरे पर गर्व और आत्मविश्वास झलक रहा था। अतिथियों ने कहा कि नारी का सम्मान सिर्फ पुरस्कार नहीं, संस्कारों का उत्सव है।
छात्राओं की प्रस्तुति से गूंजा ‘नशा छोड़ो-जीवन जोड़ो’ का संदेश
विद्यालय की छात्राओं और महिला मंडल की सदस्याओं ने गीत, नाटक और नृत्य के माध्यम से नशे के दुष्परिणामों को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया।
‘नशा छोड़ो-जीवन जोड़ो’ का संदेश इतना प्रभावी रहा कि उपस्थित दर्शकों ने खड़े होकर ताली बजाकर उनकी सराहना की।
ग्रामवासियों ने लिया संकल्प — ‘हम नशामुक्त बिटकुला बनाएंगे’
कार्यक्रम के समापन पर सभी ग्रामीणों ने हाथ उठाकर सामूहिक रूप से शपथ ली कि हम नशे को गाँव से दूर रखेंगे, नई पीढ़ी को सुरक्षित और संस्कारी बनाएंगे। ग्राम पंचायत बिटकुला एवं आयोजन समिति ने सभी अतिथियों, सहयोगियों और प्रतिभागियों का आभार प्रकट किया।


