राजधानी

डीजी-आईजी कॉन्फ्रेंस में शामिल होने आज रायपुर पहुंचेगे प्रधानमंत्री मोदी

आंतरिक सुरक्षा और टेक्नोलॉजी आधारित पुलिसिंग पर होगी हाई लेवल चर्चा

रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार देर शाम रायपुर पहुंचेंगे। वे 28 से 30 नवंबर तक चलने वाले तीन दिवसीय डीजी-आईजी सम्मेलन में शामिल होंगे, जिसका थीम है ‘विकसित भारत: सुरक्षा के आयाम’। इस सम्मेलन में देशभर के पुलिस प्रमुख आंतरिक सुरक्षा से जुड़े मौजूदा चुनौतियों की समीक्षा करेंगे और भविष्य की रणनीतियों पर चर्चा करेंगे।
कॉन्फ्रेंस में नक्सल उन्मूलन, आतंकवाद निरोध, आपदा प्रबंधन, महिला सुरक्षा, फॉरेंसिक साइंस और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस को पुलिसिंग में शामिल करने जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तृत विचार-विमर्श होगा। प्रधानमंत्री राष्ट्रपति पुलिस पदक भी प्रदान करेंगे।
इस बैठक में अब तक हुई प्रगति का आकलन किया जाएगा और आने वाले वर्षों के लिए राष्ट्रीय पुलिसिंग का रोडमैप तैयार किया जाएगा। इस बार एजेंडा साफ संकेत देता है कि देश की पुलिसिंग प्रणाली तकनीक आधारित, आधुनिक और फ्यूचर रेडी रूप ले रही है।
सम्मेलन में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजित डोभाल, केंद्रीय गृह राज्यमंत्री, सभी राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के और केंद्रीय पुलिस संगठनों के प्रमुख मौजूद रहेंगे। इस बार नए विचारों को बढ़ावा देने के लिए डीआईजी, एसपी रैंक के अधिकारी और राज्य गृह विभागों के अधिकारी भी शामिल किए गए हैं।
बैठकों में सुरक्षा के अलावा पुलिस कल्याण, अपराध नियंत्रण की सफल रणनीतियां, कानून व्यवस्था प्रबंधन और बदलती आंतरिक सुरक्षा चुनौतियों पर भी चर्चा होगी।

Related Articles

Back to top button