सेंसेक्स 1100 अंक उछला, निफ्टी 23,100 के पार

मुंबई। शेयर बाजार में प्री-बजट रैली दिखनी शुरू हो गई है. रिज़र्व बैंक ऑफ इंडिया द्वारा बैंकों में लिक्विडिटी बढ़ाने के लिए कई उपायों की घोषणा के बाद सेंसेक्स और निफ्टी, दोनों ही जबरदस्त मजबूती आई है. दोपहर 2.38 बजे बीएसई सेंसेक्स 1,137.37 अंकों (1.51 प्रतिशत) की बढ़त के साथ 76,503.54 पर कारोबार कर रहा था. वहीं, निफ्टी 50 भी 303.50 अंकों (1.33 प्रतिशत) की छलांग लगाते हुए 23,132.65 के स्तर पर पहुंच गया.
यह तेजी निवेशकों के बीच सकारात्मक माहौल और प्री-बजट रैली के चलते देखी जा रही है. निवेशकों की नजर आज से शुरू हो रही अमेरिकी फेडरल ओपन मार्केट कमेटी की दो दिवसीय बैठक और 1 फरवरी को पेश होने वाले यूनियन बजट 2025 पर टिकी हुई है.
दोपहर के कारोबार में सेंसेक्स 825.65 अंक (1.10 प्रतिशत) बढक़र 76,191.82 पर और निफ्टी 211.40 अंक (0.93 प्रतिशत) बढक़र 23,040.55 पर ट्रेड कर रहा था. आज यानी 28 जनवरी को भारतीय शेयर बाजार ने बढ़त के साथ शानदार शुरुआत की. बीएसई सेंसेक्स 416.09 अंकों (0.55 प्रतिशत) की तेजी के साथ 75,782.26 पर कारोबार कर रहा है, जबकि निफ्टी 50 इंडेक्स 106.30 अंकों (0.47 प्रतिशत) की तेजी के साथ 22,935.45 पर पहुंच गया.
बीते दिन बाजार में चौतरफा बिकवाली
बता दें कि भारतीय शेयर बाजार के लिए सोमवार का कारोबारी सत्र नुकसान वाला रहा. बीते दिन शेयर बाजार में भारी गिरावट देखने को मिली है. बाजार में चौतरफा बिकवाली देखी गई जिससे सेंसेक्स और निफ्टी दोनों एक प्रतिशत से अधिक फिसल गए. कारोबार के अंत में सेंसेक्स 824 अंक या 1.08 प्रतिशत गिरकर 75,366 और निफ्टी 263 अंक या 1.14 प्रतिशत गिरकर 22,829 पर था.
कल शेयर बाजार में भारी गिरावट के कारण निवेशकों के 9 लाख करोड़ रुपये डूब गए. बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) पर सूचीबद्ध सभी कंपनियों का मार्केट कैप करीब 9 लाख करोड़ रुपये गिरकर 410 लाख करोड़ रुपये आ गया.



